मुरादाबाद: नगर निगम के संविदा कर्मी ने विहिप नेता को मारी गोली, गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमलावर ने विहिप नेता को मोबाइल फोन से बुलाकर मारी गोली, फरार हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस की टीमें

मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम के एक संविदा कर्मी ने शनिवार को सरेराह विश्व हिन्दू परिषद के सहजिला मंत्री को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल विहिप नेता का उपचार दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। विहिप नेता को सरेराह गोली मारे जाने की घटना से शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस के उच्चाधिकारी वारदात की तह तक जाने में जुटे हैं। हमलावर फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से दूर है। 

मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह के मुताबिक थाना क्षेत्र में नया मुरादाबाद पाकेट दो के रहने वाले संतोष पंधारी पुत्र वाचस्पति पंधारी विश्व हिन्दू परिषद के जिला सहमंत्री हैं। शनिवार को बुद्ध बाजार स्थित प्रेमचुनरिया वैंकेट हाल में एक बैठक का आयोजन हुआ था। विहिप नेता बैठक में शामिल होने पहुंचे।

इस बीच नगर निगम के संविदा कर्मी व पूर्व परिचित रजत शर्मा निवासी बंगला गांव थाना नागफनी ने विहिप नेता के मोबाइल फोन पर कई बार काल किया। वह काल कर विहिप नेता को मानसरोवर कालोनी तिराहे पर बुला रहा था। बैठक में शामिल होने के बाद विहिप नेता मानसरोवर कालोनी तिराहे पर पहुंचे। तभी रजत ने तमंचा उनकी कमर में सटा कर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही विहिप नेता मानसरोवर कालोनी तिराहे पर गिर पड़े। मौका पाते ही हमलावर फरार हो गया। घायलावस्था में विहिप नेता को राहगीरों ने साईं अस्पताल में भर्ती कराया।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि विहिप नेता व रजत के बीच कोई पुराना विवाद चल रहा है। रजत मुरादाबाद नगर निगम में संविदा कर्मी के रूप में तैनात है। विहिप नेता को गोली लगने की खबर पूरे शहर में जंगल में आग की तरह फैल गई। हिन्दूवादी संगठनों के दर्जनों कार्यकर्ता फिलहाल साईं अस्पताल में हैं। एसएसपी हेमराज मीना व एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया भी साईं अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस के उच्चाधिकारी परिजनों की मदद से घटना की तह तक जाने में जुटे हैं। विहिप नेता को गोली मारे जाने की घटना के बाद मझोला में तनाव का माहौल है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: छजलैट प्रकरण में सोमवार को फैसला सुना सकती है अदालत

संबंधित समाचार