Kanpur : 27 केंद्रों पर होगी सिविल जज की परीक्षा, परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में सिविल जज की परीक्षा 27 केंद्रों पर होगी।

कानपुर में सिविल जज की परीक्षा 27 केंद्रों पर होगी। परीक्षा केंद्र की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होती रहेगी। इसके लिए नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी दी गई।

कानपुर, अमृत विचार। रविवार को न्यायिक सेवा सिविल जज की परीक्षाएं 27 केंद्रों में आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं को सीसीटीवी कैमरों के साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की निगरानी में कराया जाएगा।

जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को बैठक हुई। इस दौरान रविवार को होने वाली उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा-2022 की परीक्षा को नकल विहीन, इंसिडेंट फ्री कराने को लेकर योजना बनाई गई। बैठक में सभी स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक आयोजित की गई। डीएम ने कहा कि यह परीक्षा जिले के 27 परीक्षा केंद्रों में दो पारियों में परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 तक और फिर दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक होना प्रस्तावित है।

पारदर्शी और नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए 27 केंद्र व्यवस्थापक, नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट और 27 स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा के दौरान निगरानी को लेकर निर्देश जारी किए गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को संयुक्त रूप से नामित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर परीक्षा केंद्रों की सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करना होगा।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे, आने वाले अभ्यर्थियों के लिए उनके बैग व अन्य सामान को रखने की व्यवस्था की जाएगी। परीक्षा में किसी भी प्रकार का कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या अन्य कुछ भी परीक्षा कक्ष में ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि चेंकिग के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। परीक्षा कक्ष में सभी अभ्यर्थियों पर कड़ी नजर रखी जाए।

संबंधित समाचार