मुरादाबाद : हरिद्वार से गंगाजल लाने के लिए रवाना होने लगे शिवभक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

18 फरवरी को महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए लाएंगे पवित्र गंगाजल, डीजे की धुन पर नाचते-गाते शनिवार से जा रहे शिवभक्तों के बेड़े

मुरादाबाद, अमृत विचार। हरिद्वार से कांवड में पवित्र गंगाजल लाकर भगवान शिव का अभिषेक करने के लिए शनिवार को शिवभक्त हरिद्वार के लिए रवाना हुए। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों और शिवभक्तों के बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। गंगाजल लाने के लिए शिवभक्तों में काफी उत्साह दिखाई दिया।

महाशिवरात्रि 18 फरवरी को है। गंगाजल से भगवान आशुतोष का अभिषेक करने के लिए शिवभक्तों में काफी उत्साह रहता है। समय पर लौटने के लिए दूर-दराज के शिवभक्त करीब एक सप्ताह पहले ही हरिद्वार की ओर प्रस्थान करते हैं। इसी के तहत शनिवार को महानगर के कांठ रोड हरथला, नवाबपुरा सैनी बस्ती, कटघर के गोविंद नगर, देवापुर, सीतापुरी आदि से कांवड़ियों के बेडे ट्रैक्टर-ट्रालियों व अन्य वाहनों से रवाना हुए। उन्होंने वाहनों में ऊंचे-ऊंचे डीजे लगा रखे थे। इन पर बज रहे भजनों की धुन पर नृत्य करते हुए परिवार की महिलाओं ने शिवभक्तों को रवाना किया। 18 फरवरी को वह नियत स्थानों पर भगवान भोले का गंगा जल से अभिषेक करेंगे। इसके साथ ही कुछ लोग ब्रजघाट से भी कांवड लेकर आते हैं।

सीतापुरी के गणेश सैनी ने बताया कि वह 11 साल से लगातार हरिद्वार से कांवड़ लाकर भोले का जलाभिषेक करते हैं। वह हमेशा इसी महाशिवरात्रि पर ही कांवड लाते हैं। नवाबपुरा निवासी जतिन शर्मा भी पांच साल से कांवड ला रहे हैं। उनका कहना है कि इससे आत्मिक शांति मिलती है। वह बचपन से ही भगवान भोले के भक्त हैं।

ये भी पढ़ें:- Bangladesh ने आपातकालीन राहत सामग्री के साथ विशेष सहायता दल सीरिया भेजा

संबंधित समाचार