लखनऊ : लविवि के 21 शिक्षकों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित, शिक्षक संघ ने लगाया आरोप
अमृत विचार, लखनऊ । लखनऊ विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 21 शिक्षकों का रविवार को लोक भवन में होने वाले अभिनंदन समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
लविवि के प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि सम्मानित होने वाले शिक्षकों में प्रोफेसर एके सिंह, प्रो. अभिनव कुमार, प्रो. अमिता बाजपाई, प्रो. आनंद विश्वकर्मा, प्रो. अनूप कुमार सिंह, प्रो. अरविंद अवस्थी, डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव, डॉ. केया पांडेय, प्रो. मधुरिमा लाल, प्रो. मनुका खन्ना, प्रो. मोहम्मद सिराजुद्दीन, प्रो. मुन्ना सिंह, प्रो. पूनम टंडन, प्रो. पंकज माथुर, प्रो. राकेश द्विवेदी, प्रो. रानू उनियाल, प्रो. रूपेश कुमार, प्रो. संगीता साहू, प्रो. संजय मेधावी, प्रो. शमा महमूद एवं प्रोफेसर विभूति राय हैं। शिक्षकों के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित होने की सूचना पर कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
लविवि की ओर से सम्मानित होने वाले शिक्षकों की सूची शनिवार को जारी की गई। जिस पर लखनऊ विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने आपत्ति जताते हुए कुलपति को पत्र लिखा है। संघ के अध्यक्ष डॉ. विनीत कुमार वर्मा और महामंत्री डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि सम्मानित होने वाले शिक्षकों को जो लिस्ट पूर्व में जारी हुई थी, उससे संबंधित शिक्षकों के सत्यापन के लिए विभागों में पत्र भी भेजे गए थे। जबकि शनिवार को जारी हुई सूची से कई शिक्षकों के नाम हटा दिए गए हैं। आरोप है कि जिलाधिकारी द्वारा भेजे गए शिक्षकों के नामों को हटाकर अन्य नाम शामिल किए गए हैं। संघ ने शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी होने की मांग की है।
यह भी पढ़ें : हरदोई : राम की बारात में सारा शहर बना बाराती
