कासगंज : व्यापारियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान, पुलिस पर हल्के आरोपों की तहरीर लिखवाने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार। मोहनपुरा स्थित मटर मंडी में व्यापारी और किसानों के बीच हुए विवाद में नया मोड़ आ गया है। जिसमें पीड़ित व्यापारियों ने पुलिस पर जबरन दबाव बनाकर तहरीर लिखवाने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, शनिवार आधी रात घर पहुंची पुलिस ने जबरन उनके भाई से मामूली आरोपों में तहरीर लिखवाई है। 

बता दें कि शनिवार को मोहनपुरा कस्बा स्थित मटर मंडी में उपद्रवी किसानों ने व्यापारी के साथ मारपीट कर 15 लाख कैश, लाइसेंसी रिवॉल्वर और सोने की चेन समेत पेंडेंट लूटने का आरोप लगाया है। वहीं इस घटना को लेकर मटर मंडी व्यापारी समिति के अध्यक्ष प्रमोद वशिष्ठ ने साथी व्यापारी पर हमले और लूट के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया है। 

उनका कहना है कि किसानों द्वारा व्यापारियों पर हमले हो रहे हैं, ऐसे में अब वह कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं ऐसे में मंडी में कोई भी व्यापारी मटर की खरीदारी नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि करीब एक सप्ताह पहले भी एक व्यापारी के साथ चाकूबाजी की घटना हो चुकी है, जिसकी शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की है। ऐसा ही रवैया एक बार फिर पुलिस का देखने को मिला है। वहीं पीड़ित व युवा उद्योग व्यापार मंडल के विधानसभा अध्यक्ष दुर्गेश महेश्वरी पर हमले के बाद उनके घर पर मिलने वालों का जमावड़ा लगा हुआ है।

ये भी पढ़ें- कासगंज: मोहनपुरा मटरमंडी में किसानों का उपद्रव, व्यापारी पर जानलेवा हमला

संबंधित समाचार