कासगंज : खेत पर गया किसान लापता, हत्या की आशंका को लेकर थाने का घेराव
कासगंज, अमृत विचार। थाना कोतवाली सोरों क्षेत्र के गांव लहरा में खेत में गया किसान लापता हो गया। परिजनों ने नामजदों पर हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है। परिजनों ने कार्यवाही की मांग को लेकर कोतवाली का घेराव किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। खेत से किसान की बाइक और चप्पलें बरामद हुईं हैं।
लापता हुए किसान के भाई कुंवरपाल ने पुलिस को तहरीर दी है और कहा है कि लहरा गंगा की कटरी में करीब 25 बीघा जमीन पर मेरे पिता लालाराम का वर्षों से कब्जा रहा, लेकिन दबंगई से कुछ वर्षों से गांव के ही रामकिशोर, पप्पू, नरेंद्र ने जमकर कब्जा कर लिया। उसकी पैमाइश कुछ दिन पहले कराई तो लेखपाल ने जमीन के संबंध में दोनों पक्षों से स्पष्ट किया कि इस पर कोई कब्जा न करे।
उन्होंने कहा कि शनिवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे भाई भूरे को फोन पर सूचना मिली की दबंग खेत पर जबरन कब्जा कर रहे हैं। बाइक लेकर भूरे खेत पर गए और वहां से फोनकर सूचना दी कि रामकिशोर, पप्पू, नरेंद्र ने उन्हें घेर लिया है और उनकी हत्या करना चाहते हैं। उसके बाद से मोबाइल बंद है। बाइक और चप्पल खेत से मिली है।
इधर, पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले में डॉग स्क्वाइड और एसओजी टीम भी खुलासे के लिए लगाई गई हैं। अजीत चौहान (सीओ सिटी) का कहना है कि लहरा के किसान के गायब होने का मामला संज्ञान में आते ही पुलिस सक्रिय हो गई। टीमें खुलासे में लगी हुई हैं। डॉग स्क्वायड और एसओजी टीम को भी लगाया गया है। मौके का निरीक्षण किया है। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ये भी पढ़ें : कासगंज : व्यापारियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान, पुलिस पर हल्के आरोपों की तहरीर लिखवाने का आरोप
