बरेली: निवेशकों को मिलेगा सम्मान, नहीं होगी कोई दिक्कत
बरेली, अमृत विचार। लखनऊ में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का समापन रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष कुमार गंगवार, आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक डा. श्याम बिहारी लाल, सीडीओ जग प्रवेश, एडीएम सिटी डा. आरडी पाण्डेय समेत कई जनप्रतिनिधि और निवेशकों ने देखा। वहीं, जनपद स्तरीय निवेश कुंभ के समापन समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप किसी भी उद्यमी एवं निवेशक को शासन और जनपद स्तर पर कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी। उनको सम्मान मिलेगा।
इस मौके पर जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक भी हुई, जिसमें उद्यमियों ने समस्याएं रखीं। डीएम ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरण तय समय सीमा से पहले निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित नये निवेशकों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। संयुक्त आयुक्त उद्योग ऋषि रंजन गोयल ने कहा कि जनपद में नए उद्योग स्थापित होने से जल्द बड़े पैमाने पर लोगों को रोजगार मिलेगा।
उद्यमियों की शिकायत पर सांसद संतोष गंगवार ने परसाखेड़ा क्षेत्र में लगाए गए बैरियर तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। रिछा-जहानाबाद रोड निर्माण संबंधी प्रकरण में एक्सईएन पीडब्ल्यूडी नारायण सिंह ने बताया कि मौसम अनुकूल हो गया है। शीघ्र कार्य आरंभ कराया जायेगा। अटामांडा से धौराटांडा तक 6 किमी सड़क चौड़ीकरण प्रकरण में संतोष गंगवार ने कहा कि यह रोड क्षतिग्रस्त है। इसको लेकर पीडब्ल्यूडी मंत्री को अवगत कराया जा चुका है।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा में सड़कों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण को लेकर चर्चा की गई। उद्यमी बिमल रेवाड़ी ने सड़क संबंधी समस्या रखी। इस पर जिन मार्गों पर निर्माण कार्य अधूरा है, उन्हें शीघ्र शुरू करने का आश्वासन मुख्य अभियंता नगर निगम ने दिया। उद्योग व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी अनुज अग्रवाल, उद्यमी राजेश गुप्ता, अभिनव अग्रवाल, विनय खंडेलवाल, उन्मुक्त शील, किशोर कटरु, अजय शुक्ला, विमल रेवाड़ी, पवन अरोरा, डा. सचिन अग्रवाल, जिला उद्योग केंद्र से कौशल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
नाले के किनारे की मिट्टी ठेकेदार बेच रहा
पीएनसी कंपनी के प्रोजेक्ट इंजीनियर गौरव कुमार ने बताया कि भोजीपुरा औद्योगिक आस्थान के आगे 112 मीटर नाले का निमार्ण होना शेष है। इस पर अजय शुक्ला ने आपत्ति जताई और कहा कि जो ठेकेदार नाला निर्माण कर रहा है, उसने नाले के दोनों ओर की मिट्टी निकालकर कर स्थिति खराब कर दी है। ठेकेदार दबंगई दिखाते हुए मिट्टी बेच रहा है। इस पर डीएम ने मिट्टी वापस नाले के दोनों ओर डालने के निर्देश दिए। साथ ही एक कमेटी बनाकर निरीक्षण कर रिपोर्ट देने की बात कही।
अधिकारी करेंगे सहयोग तो रफ्तार पकड़ेंगे उद्योग
जिले में 17 हजार करोड़ से अधिक निवेश होगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा। आईआईए के चैप्टर चेयरमैन तनुज भसीन ने बताया कि सरकार ने उद्योग के लिए प्रदेश भर में बेहतर माहौल बना दिया है। यह माहौल स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को भी बनाना होगा। नए उद्योग स्थापित करने को निवेश करने वाले उद्यमी काफी उत्साहित हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: फर्जी कंपनी ने एफडी जमा कराने के नाम पर हड़पे 87 लाख, रिपोर्ट दर्ज
