Valentine's Day 2023: फेसबुक वाला प्यार... इजहार करने कासगंज आया बंगाल का युवक, पहुंच गया हवालात
नदरई गेट क्षेत्र में हिंदू युवती को दे रहा था उपहार, पुलिस ने किया गिरफ्तार, अलग-अलग समुदाय के हैं युवक -युवती
कासगंज, अमृत विचार। फेसबुक पर प्यार हुआ। लंबे समय से प्यार का आमने-सामने इजहार करने का इंतजार था और जब मौका आया दिल से दिल की बात करने का तो प्रेमी की जान को मुसीबत खड़ी हो गई। मूल रूप से बंगाल का युवक गुडग़ांव से कासगंज पहुंचा तो यहां युवती का उपहार देते समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी हिंदूवादियों की शिकायत पर हुई।
इधर पुलिस गिरफ्त में देने से पहले हिंदूवादियों ने प्रेमियों को मुर्गा बनाया और उसके रोहिंग्या मुसलमान होने का शक जाहिर किया। मामला दो समुदाय के युवक-युवती से जुड़ा हुआ है। मूल रूप से वेस्ट बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर के रहने वाले युवक इमरान करीम को दो साल पहले फेसबुक पर कासगंज की युवती से प्यार हो गया।
फेसबुक पर ही प्यार का रंग गहरा होता गया, लेकिन धीमे धीमे फेसबुक के प्यार को आमने सामने फेस करने का इंतजार था। प्रेमी युगल ने प्यार के इजहार के लिए वेलेंटाइन डे चुना। फिर क्या था गुडग़ांव में रहकर नौकरी कर रहा वेस्ट बंगाल का यह युवक प्रेमिका से सामंजस्य बनाकर कासगंज पहुंच गया और यहां नदरई गेट स्थित प्रभुपार्क में प्रेमी युगल की मुलाकात हुई।
युवक-युवती के प्यार का इजहार शुरू हुआ, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनके प्यार के बीच दीवार खड़ी होगी और मुसीबत गले पड़ेगी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को जब इसकी भनक लगी तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्यार का इजहार करने आए वेस्ट बंगाल के युवक को गिरफ्तार कर लिया। प्रेमी पुलिस हिरासत में है, हांलाकि अभी उस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने किया जमकर विरोध
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वेलेंटाइन का जमकर विरोध किया। जयश्री राम के नारे लगाए। प्रभुपार्क पर वेलेंटाइन डे के कार्ड जलाए और विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा होटल रेस्टोरेंट, झाल के पुल पर पहुंचकर निगरानी की।
बजरंग दल के जिला संयोजक अमरीश वशिष्ठ ने बताया कि होटल, ढाबों रेस्टोरेंट पर पहुंचकर वेलेंटाइन डे का विरोध किया। वेस्ट बंगाल का एक युवक पकड़ा गया। जिसके रोहिंग्या मुसलमान होने का शक है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बांगलादेश का युवक पकड़े जाने की सूचना विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री विनयराज पन्नू, जिला मंत्री सुखवीर पुंढीर को दी। इस मौके पर शशांक सारडा, मनोज ठाकुर, कुशाग्र डांगरा, ओमकार सोनी, आदित्य गुप्ता, तरुण, अमित, राज चौहान, संजीव कुमार, आकाश, लक्ष्मण, अमन, भविष्य, आयुष चंद्रपाल, विवेक देवांश मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- कासगंज : खेत पर गया किसान लापता, हत्या की आशंका को लेकर थाने का घेराव
