Mahashivratri: झारखंडेश्वर धाम में आज से शुरू हो जाएगी भगवान शिव की स्तुति, एक पखवाड़े तक चलेंगे धार्मिक आयोजन
बछरावां /रायबरेली, अमृत विचार। क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शेखपुर समोधा में स्थित अनादिकालिक स्थापित झारखंडेश्वर महादेव में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर धार्मिक कार्यक्रम पखवारा मनाया जाएगा। यह जानकारी मंदिर के पुजारी हरे कृष्ण शास्त्री द्वारा दी गई।
उन्होंने बताया, कि वैसे तो महाशिवरात्रि तथा अन्य धार्मिक पर्वों पर इस मंदिर में अनेकों धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। परंतु इस बार विशेष तौर से शिवरात्रि के पर्व पर अनेकों धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी से रूद्र महायज्ञ एवं श्री राम कथा का आयोजन किया जाएगा। प्रथम दिन जल यात्रा एवं 15 फरवरी दिन बुधवार को मंडप प्रवेश एवं अग्नि प्राकट्य, के साथ रूद्र महायज्ञ प्रारंभ होगा तथा 16 फरवरी गुरुवार को वैदिक विद्वानों द्वारा सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार तथा 20 फरवरी सोमवार को यज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न होगी।
इसी बीच सायंकाल प्रतिदिन भंडारा का भी आयोजन किया जाएगा एवं अपराहन 2बजे से 5बजे तक प्रतिदिन राम कथा तथा स्वयं काल 6 बजे से 10 बजे तक रासलीला आयोजित होगी। जो बरसाना वृंदावन से आई हुई मंडली द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। मंदिर प्रबंध समिति एवं पुजारी श्री हरे कृष्ण शास्त्री द्वारा जनमानस से अपील की गई है, कि अधिक से अधिक संख्या में उक्त अवसर पर पधार कर राम कथा एवं कृष्ण रास लीला का अवलोकन करने के साथ-साथ यज्ञ में भाग लें तथा जो अभिभावक अपने बच्चों का वैदिक विधि से यज्ञोपवीत संस्कार कराना चाहते हो वह इस अवसर का लाभ उठाएं।
ये भी पढ़ें - 12वीं सदी की भगवान कृष्ण की मूर्ति महाराष्ट्र के गांव में जमीन के अंदर गड़ी मिली
