Banda News : बंटाईदार किसान की सदमे से मौत, अन्ना मवेशियों ने कर दी थी फसल खराब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में किसान की सदमे में मौत हो गई।

बांदा के कालिंजर थाना क्षेत्र में बंटाईदार किसान की सदमे में मौत हो गई। अन्ना मवेशियों ने फसल खराब दी थी। एसडीएम बोले शासन से आर्थिक सहायता मिलेगी।

बांदा, अमृत विचार। कालिंजर थाना क्षेत्र में एक बंटाईदार किसान की फसल अन्ना जानवर चट कर गये। फसल नष्ट हो जाने से किसान को ऐसा सदमा लगा कि उसकी मौत हो गई। एसडीएम का कहना है कि यदि वह बंटाईदार था और सदमे से उसकी मृत्यु हुई है तो शासन द्वारा नियमावली के अनुसार उसे शासन की ओर से आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जायेगी।  

कटरा कालिंजर गांव निवासी संतोष (45) पुत्र मुन्नू गांव के ही एक किसान के दो बीघा खेत बंटाई पर लिये हुए था, जिसमें उसने अरहर और चना बोया था। रोजाना फसल की देखभाल करता था। चार दिन पहले दो बीघा खेत में लगे अरहर और चने की फसल को अन्ना जानवर खेत में घुसकर चट कर गये। सोमवार को सुबह जब वह अपने खेत गया तो उजड़े खेत देखकर उसके होश उड़ गये। फसल नष्ट हो जाने से किसान को गहरा सदमा लगा।

शाम को वापस घर लौटने के बाद वह बिना किसी से बोले चारपाई पर लेट गया। रात तकरीबन 8 बजे के पत्नी ममता ने खाना खाने के लिये बुलाया तो उसने यह कहकर खाना खाने से मना कर दिया कि उसकी तबीयत खराब है। थोड़ी देर बाद उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने लगी। परिजन उसे लेकर समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाये, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी ममता का कहना है कि उनके पास खेती नहीं है। उसका पति 2 बीघे खेत एक दूसरे किसान से लेकर बंटाई का काम कर रहा था।

चार दिन पहले उसकी फसल को अन्ना जानवरों ने चट कर दिया। जिसको लेकर उसके पति को सदमा लगा और उसकी मौत हो गई। मृतक के तीन बच्चों में दो लड़कियां और एक लड़का है। परिजनों ने घटना की सूचना कालिंजर पुलिस को दी है। कालिंजर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा है। उप जिलाधिकारी रजत वर्मा ने बताया यदि किसान बंटाईदार था और उसकी सदमे से मृत्यु हुई है तो शासन द्वारा नियमावली के अनुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी।

संबंधित समाचार