AAP ने विपक्ष पर लगाया आरोप, कहा- भाजपा के इशारे पर काम कर रहे राज्यपाल पुरोहित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़। पंजाब सरकार के रोजमर्रा के कामकाज में दखल देने का राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित पर आरोप लगाते हुए पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को कहा कि पंजाब के राज्यपाल अपने पद की मर्यादा भूल रहे हैं और उन्हें तुरंत पद से हटाया जाए। पंजाब आप के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि पंजाब के राज्यपाल भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं और सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप कर पंजाब के विकास कार्यों में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अडाणी मामला: सेबी ने SC से कहा- विनियमित शॉर्ट सेलिंग पर कोई आपत्ति नहीं

कंग ने राज्यपाल को अपनी मर्यादा का ध्यान रखने और इसे पार न करने की सलाह देते हुए कहा कि उन्हें भाजपा सरकार ने नियुक्त किया है, लेकिन मान सरकार पंजाब के लोगों द्वारा चुनी हुई गई है। इसलिए राज्यपाल को विकास कार्यों में बाधा डालने के बजाय सरकार का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्यपाल ने सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों की सिंगापुर की शैक्षिक यात्रा के बारे में विवरण मांगा, जो इंगित करता है कि वह सत्तारूढ़ आप सरकार को बदनाम करने के लिए केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। 

कंग ने कहा कि गैर-बीजेपी सरकार वाले राज्यों में गवर्नर हाउस साजिश रचने के स्थान बन गए हैं। उन्होंने राज्यपाल को याद दिलाया कि अनुच्छेद 157 के तहत, मुख्यमंत्री और राज्यपाल, दोनों भारत के संविधान के प्रति जवाबदेह हैं और राज्यपाल मंत्रिपरिषद की सलाह पर कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि ​​कि संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर ने भी कहा था, राज्यपाल को मंत्रीपरिषद की सलाह का पालन करना चाहिए। भाजपा पर निशाना साधते हुए 'आप' प्रवक्ता ने कहा कि राज्यपाल ने अपने पत्र को मुख्यमंत्री कार्यालय भेजने की बजाय मीडिया में लीक कर दिया क्योंकि वह भाजपा के निर्देश पर काम कर रहे हैं और वह आप सरकार के अच्छे कामकाज से लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं। 

यह भी पढ़ें- BBC मामला: विपक्ष ने लगाया सरकार पर आलोचना से डरने का आरोप, BJP ने बताया संविधान के तहत कार्रवाई 

संबंधित समाचार