बिजनौर: आश्रम के महंत पर बदमाशों का हमला, एक लाख से अधिक की नकदी व मोबाइल लूटा
हीमपुर दीपा (बिजनौर), अमृत विचार। क्षेत्र के ग्राम राजपुर परसू स्थित आश्रम के महंत पर तीन बदमाशों ने हमला करके उनसे एक लाख से अधिक की नकदी व मोबाइल लूट लिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने महंत की तहरीर पर ग्राम के ही बदमाश को नामजद करते हुए दो के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला मारपीट का लग रहा है, लूट का नहीं, फिर भी गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल पर पहुंचकर एसपी ग्रामीण राम अर्ज व क्षेत्राधिकारी ने जांच पड़ताल की।
क्षेत्र के ग्राम राजपुर परसू के बाहरी छोर पर आश्रम स्थित है। जहां महंत सत्यनारायण रहते हैं। घटनाक्रम के अनुसार सोमवार की देर रात्रि तीन बदमाश मुंह पर कपड़ा ढांपे आश्रम में घुसे और वहां मौजूद महंत से मारपीट की। इस दौरान उनसे एक लाख से अधिक की नकदी और मोबाइल लूट लिया । बदमाशों के हमले में महंत घायल हो गए। इसके बाद बदमाश वहां से घटना को अंजाम देकर फरार हो गए । घायल महंत ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी जिस पर ग्रामीणों की सूचना के बाद थानाध्यक्ष राम प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने घायल महंत को मेडिकल जांच व उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ भेज दिया।
पुलिस ने महंत की तहरीर पर गांव के ही बदमाश करण पुत्र रामपाल सिंह को नामजद सहित दो अन्य बदमाशों के विरुद्ध अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष बताते हैं कि पुलिस को प्रारंभिक जांच में अब तक मामला मारपीट का लग रहा है लूट का नहीं फिर भी पुलिस गंभीरता से घटना की जांच कर रही है। घायल महंत ने बताया कि गांव के कुछ लोग रंजिशन बदमाश करण सिंह को सुपारी देकर उसकी हत्या कराना चाहते हैं।
इससे पूर्व उस पर करण सिंह ने 16 नवंबर 2022 को आश्रम में घुसकर जानलेवा हमला किया था। थाने में तहरीर दिए जाने के बावजूद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। पहले भी उस पर कई हमले हो चुके हैं। घटनास्थल का एसपी ग्रामीण राम अर्ज एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया चांदपुर ने मौका मुआयना किया तथा थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर : रोडवेज बस और ट्रक की जबरदस्त भिड़ंत, एक यात्री की मौत...कई घायल
