संभल: नोडल अधिकारी ने सील किए दो अवैध अस्पताल
असमोली क्षेत्र के गांव शहबाजपुर कला और खासपुर में हुई कार्रवाई, अस्पताल संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी शुरू
संभल/ओबरी, अमृत विचार। जिले के असमोली क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी ने दो अवैध अस्पताल सील कर दिए। इस कार्रवाई से अवैध रूप से अस्पताल संचालन करने वालों में खलबली मची रही। अस्पताल संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी गई।
नोडल अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी मंगलवार को दोपहर गांव शहबाजपुर कला पहुंचे। यहां अली हेल्थ केयर के नाम से अस्पताल संचालित हो रहा था। नोडल अधिकारी को देखकर झोलाछाप और कर्मचारी भाग गए। यहां से इंजेक्शन, दवा आदि कब्जे में लेकर कार्रवाई की गई।
नोडल अधिकारी ने अवैध अस्पताल को सील कर दिया। इसके बाद गांव खासपुर में अड्डे पर अवैध अस्पताल पर कार्रवाई हुई। अंश हेल्थ केयर को सील किया गया। इस कार्रवाई से अवैध रूप से अस्पतालों का संचालन करने वाले लोगों में खलबली मच गई। नोडल अधिकारी ने बताया कि दोनों अवैध अस्पतालों को सील करने के बाद संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: आश्रम के महंत पर बदमाशों का हमला, एक लाख से अधिक की नकदी व मोबाइल लूटा
