बरेली: चिप नहीं होने से अटके दो हजार ड्राइविंग लाइसेंस, कई माह से इंतजार कर रहे आवेदक
ड्राइविंग टेस्ट में पास होने पर 10 दिन में मिल जाता है लाइसेंस
बरेली, अमृत विचार। ड्राइविंग लाइसेंस में लगने वाली चिप की कमी होने से नए ड्राइविंग लाइसेंस जारी नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में आवेदकों को कई माह तक अपने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इससे पहले ड्राइविंग टेस्ट में पास होने पर 10 दिन के बाद आवेदक के घर पर डाक द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस पहुंचा दिया जाता था।
यह भी पढ़ें- बरेली: अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग ने की छापेमारी, एक पर लटका मिला ताला
तीन माह से आवेदकों को नए ड्राइविंग लाइसेंस जारी नहीं हो सके हैं। ऐसे में लाइसेंस के आवेदक परेशान होकर आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। अधिकारियों के माने तो स्मार्ट चिप की कमी के चलते 2000 से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस प्रिंट में फंस गए हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति चेन नवंबर से बाधित होने के कारण मुख्यालय स्तर पर यह दिक्कत सामने आई है। इस कारण लखनऊ में प्रिंट होने वाले ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन पा रहे हैं। ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिलने से आवेदक परेशान हैं। ऐसे में नए ड्राइविंग लाइसेंस के ड्राइविंग टेस्ट में पास होने वाले आवेदक प्रतिदिन आरटीओ कार्यालय आकर ड्राइविंग लाइसेंस कब आएगा इसको लेकर पूछताछ कर रहे हैं।
अब आरसी पर भी छाया संकट
नई गाड़ी पर जारी होने वाली आरसी पर भी चिप लगी होती है लेकिन यूक्रेन और रूस के युद्ध के चलते भारत में चिप की सप्लाई पर असर पड़ा है। ऐसे में चिप की सप्लाई नहीं होने से ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी जारी करने में दिक्कत होती है। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहले 10 दिन बाद घर पहुंच जाता था लाइसेंस
ड्राइविंग लाइसेंस आवेदक सबसे पहले अपना लर्निंग लाइसेंस बनवाता है। उसके बाद एक माह बाद उसे परमानेंट लाइसेंस की फीस कटवाकर परसाखेड़ा में ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर टेस्ट देने के लिए जाना होता है। टेस्ट में पास होने के बाद आवेदक को 10 दिन में ड्राइविंग लाइसेंस डाक द्वारा भेज दिया जाता था। मगर अब चिप की कमी होने से दो माह इंतजार के बाद भी आवेदकों को लाइसेंस नहीं मिल पा रहे हैं।
चिप की कमी होने से ड्राइविंग लाइसेंस जारी होने में समय लग रहा है। कमी मुख्यालय से बनी हुई है। ऐसे में आवेदक लाइसेंस नहीं आने पर कार्यालय में आकर पूछताछ करते है। तो उन्हें देरी की वजह बता दी जाती है--- एमपी सिंह, आरआई।
यह भी पढ़ें- बरेली: सुभाष नगर में शेर सिंह बिल्डिंग का नगर निगम ने गिराया जर्जर छज्जा
