बहराइच : तेंदुए के हमले में पांच वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिता ने 5 मिनट संघर्ष कर तेंदुए से बालिका को छुड़ाया

अमृत विचार, बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज अंतर्गत ग्रामसभा सुजौली निवासी सोनू की पांच वर्षीय बालिका सोनम पर मंगलवार देर रात तेंदुए ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया है। परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सीएचसी मोतीपुर ( मिहीपुरवा ) मे भर्ती कराया है। हालत गंभीर बताई जा रही है।

थाना सुजौली क्षेत्र के सुजौली गांव निवासी सोनू की पांच वर्षीय बेटी सोनम घर के बाहर देर रात खेल रही थी, कुछ दूरी पर परिजन थे तभी जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने उसपर हमला कर दिया। बालिका के चींखने पर परिजन दौड़ पड़े। पिता ने लगभग 5 मिनट तक संघर्ष करते हुए तेंदुए से बेटी की जान बचाई, इस दौरान तेंदुआ के हमले में बालिका गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। संघर्ष और शोर के चलते तेंदुआ बालिका को छोड़कर जंगल की ओर चला गया।

परिवारीजनों ने घायल बालिका को तत्काल पड़ोस में स्थित पीएचसी में भर्ती कराया जहां बालिका की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर ( मिहीपुरवा ) के लिए रेफर कर दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल है। तेंदुए के हमले से लोग सहमे हुए है। 

घटना की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी रामकुमार ने मौके पर पहुच कर ग्रामीणों को सतर्क किया। साथ ही तत्काल घायल बालिका के इलाज के लिए सभी बैरियरों पर वायरलेस कर बैरियर खोलने को कहा। ताकि बालिका के इलाज में किसी प्रकार की देरी या व्यवधान उत्पन्न न हो सके।

यह भी पढ़ें : हरदोई : जूडो प्रतियोगिता में बेटियों ने लहराया परचम, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने जीता गोल्ड

संबंधित समाचार