संभल: सपा जिला महासचिव के बेटे पर ताना रिवाल्वर, हंगामा
आरोपी युवक के खिलाफ दी तहरीर, बहजोई पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करने का किया दावा
बहजोई(संभल), अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव के बेटे व नगर के सर्राफा व्यापारी के बीच बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। सर्राफा व्यापारी के बेटे ने लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर सपा जिला महासचिव के बेटे पर तान दिया। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधार के बेटे रवि शंखधार की मुकेश से कहासुनी हो गई। कुछ लोगों ने इस विवाद को शांत कर दिया। बाद में रवि अपने भाई आकाश के साथ अपनी दुकान पर बैठा था, तभी सुधांशु व उसका भाई सुदर्शन अपने चार-पांच साथियों को लेकर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि वह गाली-गलौज करने लगा।
उसने लाइसेंसी रिवाल्वर जिला महासचिव के बेटे की तरफ तान दी। जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान रवि ने अपने मोबाइल से लाइसेंसी रिवाल्वर लहराने का वीडियो बना लिया। मौके पर पहुंचे लोगों को देकर आरोपी फरार हो गए। बहजोई पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल पंकज लवानिया ने बताया कि जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: अब्दुल्ला 15 साल की उम्र में दागदार हुए, विधायकी भी चली गई
