UP Board Exam: चित्रकूट में परीक्षा केंद्र पर फर्जी प्रवेशपत्र के नाम पर छात्रों को रोका, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट, अमृत विचार। यूपी बोर्ड की परीक्षा के पहले दिन एक सेंटर में अफरातफरी मच गई। परीक्षार्थियों को फर्जी प्रवेशपत्र के नाम पर विद्यालय प्रबंधक ने गेट पर रोक दिया। हालांकि बाद में जिला विद्यालय निरीक्षक के हस्तक्षेप और मामले का निस्तारण होने के बाद छात्र-छात्राओं को प्रवेश दे दिया गया और इन्होंने परीक्षा भी दी।

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आज से शुरू हैं। जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए 44 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 26755 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। पहले दिन जिले के एक परीक्षा केंद्र राजापुर के खोपा गांव के श्री सिया इंटर कालेज में में तब अफरातफरी मच गई जब यहां पहली पाली में आठ बजे से हिंदी की परीक्षा देने आए सद्गुरु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरद्वारा के छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंधक ने फर्जी प्रवेशपत्र के नाम पर गेट पर ही रोक दिया।

इससे परीक्षार्थियों के होश उड़ गए। आननफानन में इसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को दी गई। हालांकि बाद में मामले का निस्तारण हो गया और बच्चों को कालेज से प्रवेशपत्र देकर सभी को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई। 

प्रबंधक ने कहा, प्रवेशपत्र फर्जी
इस संबंध में श्री सिया इंटर कालेज के प्रबंधक मनोज द्विवेदी ने बताया कि आनलाइन फर्जी प्रवेशपत्र निकाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने कालेज से सही प्रवेशपत्र दे रहे हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी और ओरिजनल एडमिट कार्ड देकर सभी को परीक्षा में बैठने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सद्गुरु उमा विद्यालय के बच्चे उनके यहां से रजिस्टर्ड हैं पर जो बच्चे परीक्षा देने आए हैं, उनको पहले नहीं देखा।

डीआईओएस बोले, हुई गलतफहमी
उधर, इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र स्वरूप ने बताया कि कुछ गलतफहमी की वजह से दिक्कत हुई थी। किसी तरह का बवाल नहीं हुआ। बताया कि परीक्षार्थी अपने साथ कक्षा नौ का पंजीकरण पत्र नहीं ले गए थे। ऐसे में उनको कह दिया गया है कि कल से परीक्षा देने के दौरान प्रवेशपत्र और पंजीकरण दोनों साथ लेकर आएं। बताया कि सभी पंजीकृत विद्यार्थियों को परीक्षा देने की अनुमति दे दी गई है। 

यह भी पढ़ें:-हरदोई: UP Board परीक्षा के पहले ही दिन पुलिस ने भाग रहे मुन्नाभाई को दौड़ा कर पकड़ा, ऐसे खुली पोल

संबंधित समाचार