UP Board Exam: शांतिपूर्ण माहौल में हुई पहले दिन की पहली पारी की बोर्ड परीक्षा, छह फीसदी छात्र रहे अनुपस्थित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिन की प्रथम पॉली में हाईस्कूल के हिन्दी विषय की बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। 118 बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर 6 फ़ीसदी छात्र अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा के साथ नगर क्षेत्र स्थित परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण भी किया। पहली पाली में कोई भी नकलची पकड़ा नहीं गया। कंट्रोल रूम से परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई।
 
जिले के 118 बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर गुरुवार सुबह निर्धारित समय से बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुई। पहले दिन की पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा थी। हाईस्कूल के 38644 विद्यार्थियों में 21934 छात्र और 16710 छात्राओं को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन लगभग 6 फ़ीसदी विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। 

bhr0

सभी परीक्षा केंद्रों पर तलाशी के बाद छात्र छात्राओं को प्रवेश दिया गया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने शहर के महाराज सिंह इण्टर कालेज, आज़ाद इण्टर कालेज व राजकीय बालिका इण्टर कालेज बहराइच का औचक निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापकों व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों से जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नकलविहीन परीक्षा में ढिलाई न बरती जाए।  परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा ने बोर्ड परीक्षा में सुरक्षा के लिए तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों के आस-पास शान्ति व्यवस्था, सुरक्षा एवं प्रश्नपत्रों की गोपनीयता को बनाये रखने के लिए अपने उत्तरदायित्वों का संजीदगी के साथ निर्वहन करें। डीएम व एसपी ने परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम तथा निगरानी के लिए बनाए गए कमाण्ड सेन्टर का भी मुआयना किया।

यह भी पढ़ें:-हरदोई: UP Board परीक्षा के पहले ही दिन पुलिस ने भाग रहे मुन्नाभाई को दौड़ा कर पकड़ा, ऐसे खुली पोल

संबंधित समाचार