बरेली: कार्रवाई का खौफ, मानक अपूर्ण होने पर अल्ट्रासाउंड केंद्र बंद होने की दे रहे जानकारी
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। यह कार्रवाई का खौफ नहीं तो और क्या है, मानक अपूर्ण होने पर संचालक स्वास्थ्य विभाग को अल्ट्रासाउंड केंद्र बंद होने की जानकारी दे रहे हैं। एक माह से विभाग जिले भर में छापामारी अभियान चलाकर अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच कर रहा है।
बीते दिनों हरियाणा से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के कोपल अस्पताल स्थित अल्ट्रसाउंड केंद्र में भ्रूण लिंग जांच होने का खेल उजागर किया था। अनियमितता में संलिप्त पांच लोगों पर कानूनी कार्रवाई भी की गई थी। इस कार्रवाई के बाद से ही जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालकों में खलबली मच गई है।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग लगातार केंद्राें पर छापेमारी कर रहा है। ऐसे में अब कार्रवाई के डर से जिन अल्ट्रासाउंड केंद्रों में मानक अपूर्ण हैं, वे सीएमओ कार्यालय आकर पत्र देकर सेंटर का संचालन बंद होने की जानकारी दे रहे हैं। वहीं मानक पूर्ण करने के लिए आवेदन भी कर रहे हैं। इस संबंध में पीसी-पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि जिले में लगातार छापेमारी कर अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर कार्रवाई की जा रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई, ठेकेदार की मौत
