रामपुर : दस साल बाद प्रेमी और प्रेमिका ने मंदिर में लिए सात फेरे
कई बार दोनों के परिजनों ने जताई थी आपत्ति
रामपुर, अमृत विचार। दस साल से चल रहे प्रेम प्रसंग में आखिरकार दोनों प्रेमियों ने गुरुवार को परिजनों की मौजूदगी में सात फेरे ले लिए। इस दौरान गांव के लोग भी इस प्रेम विवाह के साक्षी बने।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव हशमतगंज निवासी अशोक डिग्री कालेज में पढ़ाई कर रहा था। इस दौरान उसका पास के ही गांव की रहने वाली नीतिका से मुलाकात हो गई थी। उसके बाद धीरे-धीरे करके दोनों एक दूसरे के करीब आते चले गए थे। दोनों में फोन के माध्यम से बातचीत होने लगी थी। इस बीच गांव के लोगों को दोनों के प्रेम की भनक लगी तो गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी थीं।
इस दौरान दोनों के परिजनों को यह बात ठीक नहीं लग रही थी। जिसके चलते दोनों ने अपने बच्चों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया था, उसके बाद भी दोनों लोग चुपचाप मिलते रहे। कुछ रोज पहले ही दोनों के परिजनों में पंचायत हुई। जिसके बाद गुरुवार को मंदिर में दोनों प्रेमी शादी के बंधन में बंध गए। दोनों ने परिजनों की मौजूदगी में सात फेरे लेते हुए विवाहिक जीवन की शुरूआत की।
एक माह पहले अशोक हादसे में हुआ था घायल
एक माह अपले अशोक किसी काम से बाइक से शहर आ रहा था कि रास्ते में उसके साथ हादसा हो गया था। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी मिलने के बाद प्रेमिका अपने प्रेमी से मिलने के लिए जिला अस्पताल पहुंच गई थी। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए थे। युवक के परिजनों ने उसको वहां से भगा दिया था। जिसके बाद युवती उसके घर पर जाकर रहने लगी थी। उसके बाद आखिरकार दोनों परिजनों में समझौता हो जाने के बाद दोनों ने शादी कर ली।
ये भी पढ़ें : रामपुर : अब्दुल्ला की विधायकी की भेंट चढ़े विकास कार्यो के 73 प्रस्ताव, 3 करोड़ की बची थी निधि
