हरदोई : तीन लाख की मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार
अमृत विचार, हरदोई। सगाई करने के बाद वर पक्ष द्वारा विवाह में तीन लाख की नगदी और बाइक की मांग को लेकर शादी से इनकार करने का एक मामला प्रकाश में आया है । वधू पक्ष ने शाहाबाद कोतवाली में तहरीर देकर मामला दर्ज करने की मांग की। लखीमपुर जनपद के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के ग्राम हथेला निवासी विनोद पुत्र रामअवतार के अनुसार उसने अपनी बहन रचना देवी का विवाह शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गहोरा निवासी अल्ली के बड़े बेटे शिशुपाल के साथ तय किया था।
9 फरवरी को लड़की पक्ष की ओर से सगाई की गई । इस कार्यक्रम में लड़की पक्ष ने सगाई के रूप में नगद 21,000 रूपये दिए और कार्यक्रम पक्का हो गया। लड़की देखने के लिए वर पक्ष के लोग शाहजहांपुर के हथौड़ा चौराहा के पास मंदिर में गए जहां दिखाई की रस्म पूरी हुई । परंतु वर पक्ष के लोग शादी से इंकार कर रहे हैं ।
बकौल विनोद विवाह के नाम पर उससे तीन लाख की नकदी और एक मोटरसाइकिल की मांग की जा रही है । मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया तो वह गांव गहोरा पहुंचा। वर पक्ष के अल्ली, शिशुपाल, मंगल आदि ने उसे गाली गलौज करते हुए मारपीट की और जानमाल की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : चित्रकूट : अंतिम संस्कार से पहले अचानक 'जिंदा' हो गया 95 साल का 'मृत' वृद्ध !
