चित्रकूट : अंतिम संस्कार से पहले अचानक 'जिंदा' हो गया 95 साल का 'मृत' वृद्ध !
शहर से सटे कालूपुर गांव का मामला
अमृत विचार, चित्रकूट। कई बार ऐसी घटनाएं होती हैं, जो चर्चा का विषय बन जाती हैं। कर्वी ब्लाक अंतर्गत कालूपुर पाही में भी गुरुवार को ऐसा ही कुछ हुआ। यहां एक वृद्ध की मृत्यु के बाद जब उसके शव को चिता पर रखा जा रहा था तो उसकी सांसें चलने लगीं। इससे लोग आश्चर्यचकित हो गए। बाद में उसे घर ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से सटे कालूपुर पाही गांव में गुरुवार को बुजुर्ग रामभवन रुपौलिहा (95) की कथित रूप से मृत्यु हो गई। इस पर शोकाकुल घरवाले उनको अंतिम संस्कार के लिए खेत में ले गए। यहां अंतिम संस्कार के पूर्व किए जाने वाले कर्मकांड करने के बाद शव चिता पर रखकर जलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही थी कि इस बीच उनकी सांसें चलने लगीं और वह उठकर बैठ गए। कुछ देर के लिए तो लोगों को विश्वास नहीं हुआ पर बाद में उनकी नाड़ी वगैरह देखी गई तो पता चला कि वह जीवित हैं। इस पर घरवालों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वृद्ध के एक रिश्तेदार ने विकास बेलौंहा निवासी कालूपुर ने भी इस बात की पुष्टि की है।
चिकित्सक बोले, अचेत रहे होंगे वृद्ध
उधर, इस संबंध में चिकित्सक डा. महेंद्र गुप्ता ने बताया कि आम तौर पर ऐसा होता नहीं है। बताया कि वृद्धों के साथ अक्सर होता है कि वे अचेत अवस्था में होते हैं तो लोग उनको मृत समझ लेते हैं। इनके साथ भी ऐसा ही हुआ होगा। इनका हृदय काम कर रहा होगा और यह अचेत अवस्था में चले गए होंगे। बाद में इनके साथ जब लोगों ने मृत्यु पूर्व संस्कार किए होंगे तो हृदय तेजी से काम करने लगा होगा और यह होश में आ गए होंगे। उन्होंने बताया कि बहुत कम मामलों में ऐसा होता है।
यह भी पढ़ें : बहराइच : दबंगों ने ट्रैक्टर से टक्कर मारकर गिरा दिया मकान, दंपत्ति समेत पांच घायल
