बरेली: बंडिया में कुत्तों का झुंड बच्चे को खींच ले गया, कई जगह से मांस नोच डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/सीबीगंज, अमृत विचार। बंडिया गांव में हिंसक कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन कुत्ते मासूमों को निशाना बना रहे हैं। गुरुवार को कुत्तों का झुंड बुआ के साथ मजार जा रहे एक मासूम को खींच ले गया। चीख पुकार सुनकर लोगों ने उसे बचाया। हालांकि तब तक कुत्तों ने बच्चे के शरीर से कई जगह से मांस नोच डाला था। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें- बरेली: बिजली कनेक्शन काटने पहुंची विजिलेंस टीम पर हमला, रिपोर्ट दर्ज

घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। बंडिया के अकील अहमद का 6 वर्षीय बेटा अलफैज बुआ के साथ मजार पर जा रहा था। इस दौरान खेत के पास आधा दर्जन से अधिक कुत्तों का झुंड बैठा था। अचानक कुत्तों के झुंड ने उसपर हमला कर दिया। कुत्ते उसे खींचकर खेत की तरफ ले जाने लगे। बुआ और भतीजे के चीखने चिल्लाने के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कुत्तों को वहां से भगाया, लेकिन तब तक कुत्ते मासूम के गले, कमर व पैर का मांस नोच चुके थे। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

1 फरवरी को गांव के रहने वाले विवेक को कुत्तों का झुंड खींच ले गया था। उसे घायल कर दिया था। लगातार हो रहे हिंसक कुत्तों के हमले के बाद भी नगर निगम की टीम नहीं जाग रही है। बच्चे के पिता का कहना था कि कुछ दिन पहले निगम की टीम गांव में कुत्तों को पकड़ने पहुंची थी, लेकिन कुछ दिन बाद कुत्ते दोबारा गांव में ही दिखने लगे। इससे पहले भी कुत्ते बच्चों पर हमला कर चुके हैं। इससे बच्चों के साथ उनके अभिभावक डरे हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह गांव नगर निगम परिक्षेत्र में आता है। इसके बाद भी जिम्मेदार समस्या निदान की दिशा में कदम नहीं उठा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: नगर निगम टीम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन का जखीरा पकड़ा, गोदाम सील

संबंधित समाचार