लखनऊ : 48 घंटे में पांच डिग्री बढ़ा तापमान, अगले दो दिन दिखेगा कोहरे का असर
अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी में बीते एक सप्ताह से लगातार उतार-चढाव जारी है। तीन दिनों तक सर्द हवाओं के कारण राहत मिलने के बाद अब फिर से पारे ने उछाल मारना शुरू कर दिया है। बीते महज 48 घंटे में शहर के तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की बढोत्तरी हुई है। इसके कारण गर्मी ने एक बार फिर से परेशान करना शुरू कर दिया है। हालांकि अगले दो दिनों में शहर में एक बार फिर सुबह के समय में आंशिक कोहरा देखने को मिल सकता है।
हवाओं की रफ्तार थमी, दो डिग्री बढ़ा अधिकतम तापमान
लखनऊ समेत प्रदेश के सभी शहरों में गुरुवार को सर्द पूर्वी हवाओं की रफ्तार थम गई है। इसके कारण गुरुवार सुबह से ही एक बार फिर से कड़क धूप देखने को मिली। जिससे तापमान में भी अप्रत्याशित बढ़त हुई। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 2 डिग्री की बढ़त के साथ 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री की बढ़त के साथ 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
21 से छायेंगे आंशिक बादल, गिरेगा तापमान
आंचलिक विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक मो. दानिश ने बताया कि अगले दो दिनों में सुबह के समय आंशिक कोहरे का प्रकोप होने के बावजूद तापमान में बढ़त होगी। प्रतिदिन औसतन 1 डिग्री अधिकतम-न्यूनतम तापमान बढ़ेगा। वहीं 21 फरवरी से एक बार फिर से आंशिक बादल छाने की संभावना है। इसके कारण 22 से तापमान में आंशिक गिरावट देखी जा सकती है।
बीते पांच दिनों तापमान में उतार-चढ़ाव (तापमान डिग्री सेल्सियस में) :-
दिनांक – अधिकतम तापमान – न्यूनतम तापमान
12 फरवरी – 26.3 – 13.5
13 फरवरी – 23.2 – 09.5
14 फरवरी – 23.4 – 09.6
15 फरवरी – 26.4 – 10.8
16 फरवरी – 28.4 – 12.1
