महापौर चुनाव में देर कर उप राज्यपाल सक्सेना ने भाजपा का समर्थन किया: आप
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को यहां उप राज्यपाल वी. के. सक्सेना के आवास के बाहर प्रदर्शन कर उन पर भाजपा की गुंडागर्दी का समर्थन करने का आरोप लगाया और महापौर चुनाव में देर करने को लेकर उनके इस्तीफे की मांग की। आप विधायक आतिशी और दुर्गेश पाठक सहित आप के कई नेता बैनर के साथ राज निवास मार्ग पर एकत्र हुए तथा उप राज्यपाल के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की।
पाठक ने प्रदर्शन स्थल पर कहा, दिल्ली नगर निगम के महापौर चुनाव पर उच्चतम न्यायालय का आदेश भाजपा को एक तगड़ा झटका है। दिल्ली में उपराज्यपाल ने अब तक जो कुछ किया है, वह असंवैधानिक है तथा न्यायालय के आदेश में जो कुछ कहा गया है, उसके बाद उप राज्यपाल को इस्तीफा दे देना चाहिए। उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय ने कहा है कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मनोनीत सदस्य महापौर चुनाव में मतदान नहीं कर सकते हैं। पाठक ने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल ने कई फैसले असंवैधानिक तरीके से लिए और उन्होंने भाजपा की गुंडागर्दी का भी समर्थन किया।
ये भी पढे़ं- दिल्ली मेयर का चुनाव होगा 22 फरवरी को, केजरीवाल ने उप राज्यपाल से की थी सिफारिश
