Kanpur में SP MLA Irfan Solanki के अधिवक्ता ने कंसा तंज, कहा- संपत्तियां सीज हुई तो दूसरा कानपुर देहात बनेगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी के अधिवक्ता ने तंज कंसा।

कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी के अधिवक्ता ने तंज कंसा। अधिवक्ता ने कहा कि मानक ताक पर रखकर विधायक पर गैंगस्टर लगाया। इसके साथ ही कहा कि संपत्तियां सीज हुईं तो दूसरा कानपुर देहात बनेगा।

कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शनिवार से उनकी बेनामी संपत्तियों के जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। वहीं इस मामले में इरफान सोलंकी का बचाव करते हुए उनके वकील गौरव दीक्षित ने पुलिस कार्रवाई को निराधार बताया है। उनका दावा है कि पुलिस ने मानकों को ताक पर रखकर इरफान पर गैंगस्टर एक्ट लगाया। अगर पुलिस ने संपत्तियां सीज की तो दूसरा कानपुर देहात बनाने की तैयारी है।

सात नवंबर वर्ष 2022 को जाजमऊ थानाक्षेत्र के डिफेंस कालोनी निवासिनी नसीर फातिमा ने प्लाट पर आगजनी करने के मामले में विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी पर मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद भारी पुलिस बल ने उनके घर पर देर रात छापेमारी की थी। जहां भनक लगते ही दोनों भाई पहले ही निकल गए थे। इसके बाद वह लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस ने एक महीने के भीतर इरफान के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत एक के बाद एक करीब आठ मुकदमे दर्ज किए थे।

इसमें से महिला का घर फूंकने और फर्जी आधार कार्ड बनाकर हवाई यात्रा करने के मामले में पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। जबकि अन्य छह मामलों में जांच अंतिम पायदान पर है। जल्द ही अन्य छह मामलों में भी चार्जशीट दाखिल होगी। वहीं दूसरी तरफ पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर चुकी है। पुलिस ने इसमें इरफान सोलंकी को गिरोह का लीडर बनाया है।

जबकि उनका भाई रिजवान सोलंकी, शौकत पहलवान, हिस्ट्रीशीटर इजराइल आटे वाला और मोह्म्मद शरीफ के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाया था। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत गैंग के सदस्य व सपा नेत्री नूरी शौकत के पिता हिस्ट्रीशीटर शौकत अली पहलवान की 25 करोड़ की संपत्ति सीज कर चुकी है। अब कार्रवाई के दूसरे चरण में इरफान सोलंकी की संपत्ति सीज करने की कार्रवाई शनिवार से शुरू की जा सकती है।

उनके वकील गौरव दीक्षित ने पुलिस पर तंज कसत हुए कहा कि अगर संपत्तियां सीज हुई तो दूसरा कानपुर देहात यहां होगा। मतलब परिवार के लोग पुलिस के सामने कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं। वकील के इस बयान के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई है। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि इरफान सोलंकी और उनके गैंग के सभी सदस्यों की संपत्ति की जांच लगातार जारी है।

इरफान सोलंकी की करीब 150 करोड़ की लगभग 30 संपत्तियां चिन्हित की गई हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इरफान ने अपने पार्टनर और रिश्तेदारों व नजदीकियों के नाम भी करोड़ों की संपत्ति खरीद रखी है, लेकिन उनकी हैसियत इतनी नहीं है। गौरव दीक्षित ने कहा कि इरफान पर मानकों को ताक पर रखकर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। वह इसे कोर्ट में चैलेंज करेंगे। 

सपा विधायक की हाईकोर्ट से जमानत खारिज

फर्जी आधार कार्ड के जरिए दिल्ली से मुंबई तक की हवाई यात्रा करने के मामले में आरोपी सपा विधायक इरफान सोलंकी की जमानत अर्जी हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। इस मामले के अन्य आरोपियों को हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। जाजमऊ आगजनी मामले में आरोपी सपा विधायक इरफान सोलंकी पर आरोप लगा था कि उन्होंने फरार होने के लिए फर्जी आधार कार्ड के जरिए हवाई यात्रा की थी। इस मामले में ग्वालटोली थाने में पुलिस ने एक रिपोर्ट दर्ज की थी।

इसमें इरफान सोलंकी, उनके दो साले व सपा नेत्री नूरी शौकत समेत कई आरोपी थे। सभी की सेशन कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज हो चुकी थी जिसके बाद इन लोगों ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की थी। एक-एक कर सभी को जमानत मिल चुकी है। सिर्फ इरफान की जमानत अर्जी पर फैसला हाईकोर्ट ने सुरक्षित रखा था। जमानत का आधार पर्याप्त न होने की बात कहते हुए हाईकोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी।

संबंधित समाचार