कासगंज: है भोलेनाथ की शादी...हम तो नाचेंगे, शहरभर में धूमधाम से निकाली गई महादेव की बारात

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

कासगंज, अमृत विचार। है भोलेनाथ की शादी हम तो नाचेंगे...। भक्ति गीत पर श्रद्धालु शनिवार को दिनभर थिरकते नजर आए। बिलराम गेट क्षेत्र के पथवारी मंदिर से भगवान भोलेनाथ की बारात धूमधाम से निकाली गई। श्रद्धालु भोलेनाथ की जय जयकार करते रहे।

गले में पीतांबर, हाथों में डमरू, जुबां पर भोले की जयकार से वातावरण भक्तिमय था। मौका था शिव बरात का। यहां सुबह से ही बिलराम गेट क्षेत्र में भोले भक्त एकत्रित होने लगे। हाथों में शिवजी की आस्था के प्रतीक झंडे को लिए श्रद्धालु थिरक रहे थे। शिव बरात में ढोल नगाड़े, अखाड़ा, बैंडबाजे शामिल रहे।

बारात की अगुवाई में धर्मध्वज साथ चल रहा था। झांकी भी शामिल थी। भूत, प्रेत, पिशाच स्वरूप बाराती बनकर आए थे। बारातियों ने शहर की सडकों पर जमकर धमाल मचाया। लोगों ने भगवान शिव की बरात का जगह जगह स्वागत किया। फूल बरसाए, वातावरण सुगंधित था। आस्था महक उठी थी। हर कोई भोले की भक्ति में लीन नजर आया।

बारात के आगे पीछे कड़ी सुरक्षा
बारात के आगे और पीछे सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र गिरी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे। बाजार में जाम की स्थिति न बने इसलिए ईरिक्शा को बाजार में प्रवेश नहीं दिया जा रहा था।

नंदी पर सवार होकर आए भोलेनाथ 
भगवान शिव की बारात में भोले नाथ नंदी पर सवार होकर आए। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ के स्वरूप को नंदी की सवारी कराई। पूरे शहर में नंदी की सवारी आकर्षण का केंद्र रही।

पालिकाध्यक्ष ने की बारातियों की अगवानी 
पालिकाध्यक्ष रजनी साहू और चेयरमैन प्रतिनिधि राजवीर साहू ने भगवान शिव की बारातियों की अगवानी की। उन्होंने बरातियों की सेवार्थ शिविर लगाया और दूध वितरित कराया।

यह भी पढ़ें- कासगंज : शिवालयों में भोलेनाथ की जय जयकार, धूमधाम से मनाया गया महाशिवरात्रि का त्यौहार

संबंधित समाचार