रामभक्तों को एक घंटे देरी से लेकर अयोध्या पहुंची गौरव यात्रा ट्रेन, पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या।आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन शनिवार को अपने तय समय से एक घंटे देरी से सुबह 9:30 बजे अयोध्या कैंट स्टेशन पहुंची। प्लेटफार्म तीन पर पहुंची ट्रेन से 128 यात्री उतरे। सभी पर पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारे से पूरा स्टेशन परिसर गूंजायमान हो गया। यात्रियों को चार वॉल्वो बसों से अयोध्या स्थित एक होटल में भेजा गया। रामलला,  हनुमानगढ़ी व कनकभवन समेत अन्य प्रमुख स्थानों दर्शन-पूजन करने के बाद देर शाम 9:30 बजे के करीब सभी यात्री सीतामढ़ी के लिए रवाना होंगे। 

गौरव टूरिस्ट ट्रेन पालिसी के तहत साप्ताहिक राम-जानकी यात्रा का शुभारंभ हो गया है। दिल्ली के सफदरगंज से वाया अयोध्या, सीतामढ़ी बिहार की यात्रा के लिए निकले तीर्थ यात्रियों ने दिन में अयोध्या दर्शन किया। गुड़गांव से आए शिव प्रकाश व उनकी पत्नी रतन पहले भी अयोध्या आ चुकी हैं, लेकिन इस ट्रेन से धार्मिक यात्रा करने का सौभाग्य उन्हें पहली बार मिला है। चेन्नई से आए राजशेखर और उनकी पत्नी विजया ने बताया कि वह पहली बार रामलला का दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। ट्रेन मैनेजर दिनेश कुमार ने बताया आईआरसीटीसी ने श्रीराम जानकी यात्रा शुरू की है। इसमें अधिकतम बुजुर्ग यात्री हैं। दिल्ली के सफदरगंज रेलवे स्टेशन से 17 फरवरी को रवाना हुई यह ट्रेन अयोध्या से मां जानकी के घर जनकपुर तक जाएगी। जनकपुर से बनारस और प्रयागराज होते हुए वापस आएगी।

ट्रेन में दो फर्स्ट व चार सेकेंड क्लास डिब्बे
दिल्ली के सफदरगंज से आई टूरिस्ट ट्रेन में नौ डिब्बे हैं, जिसमें दो फर्स्ट और चार सेंकेंड क्लास, दो डिब्बों में रेस्टोरेंट व एक पैंट्री कार है। ट्रेन में लोगों को बेहतरीन व्यंजन परोसे गए। फर्स्ट क्लास में एक व्यक्ति का किराया 52 हजार 650 रुपये है।

ये भी पढ़ें -Mahashivratri 2023: गोंडा में महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय, दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें   

संबंधित समाचार