मुरादाबाद: पुलिसकर्मी के पुत्र ने फंदे से झूलकर दी जान, जांच जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था युवक

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक फांसी के फंदे से झूल गया। परिजनों की सूचना पर शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस घटना के कारणों की तलाश कर रही है। फिलहाल खुदकुशी के मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आशियाना फेज-एक के रहने वाले विनोद कुमार शर्मा यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं। वर्तमान में वह रामपुर के शहजादनगर थाने में हेड मोहर्रिर के पद कार्यरत हैं। परिजनों के मुताबिक विनोद कुमार शर्मा का छोटा पुत्र अभिषेक शर्मा (24) बीएससी व आईटीआई के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था। शुक्रवार रात करीब दस बजे अचानक किसी बात पर नाराज होकर अभिषेक ने खुद को कमरे में कैद कर लिया। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने दरवाजा खुलवाना चाहा। 

कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो अभिषेक फंदे पर लटका मिला। युवक को तत्काल कांठ रोड स्थित अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की सूचना पर आशियाना चौकी प्रभारी सौरभ त्यागी ने शव कब्जे में ले लिया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बावत सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि खुदकुशी के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। अभिषेक दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई नोएडा में नौकरी करता है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: औषधि निरीक्षक ने की दवा की अवैध दुकान सील

संबंधित समाचार