मुरादाबाद: औषधि निरीक्षक ने की दवा की अवैध दुकान सील
गांव में बिना लाइसेंस संचालित की जा रही थी दुकान, कार्रवाई की सूचना पर अन्य दवा विक्रेता हुए भूमिगत
जांच करती की औषधि निरीक्षक की टीम।
ठाकुरद्वारा(मुरादाबाद), अमृत विचार। डिलारी क्षेत्र के गांव सलेम सराय में बिना लाइसेंस संचालित की जा रही दवा की दुकान पर औषधि निरीक्षक ने छापा मार कर सील कर दिया। कार्रवाई की सूचना पर अन्य दवा विक्रेता हुए भूमिगत हो गए।
औषधि निरीक्षक मुकेश जैन, उर्मिला वर्मा के नेतृत्व में टीम ने दवा की दुकान पर छापा मारा। दुकान संचालक का बेटा मौके पर मौजूद था। वह आवश्यक कागजात नहीं दिखा सका। उसका कहना था कि लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। टीम प्रभारी ने बताया कि काफी समय से सलेम सराय गांव में बिना लाइसेंस के दवा बेचे जाने की सूचना मिल रही थी।
उन्होंने बताया कि इस दवा की दुकान में करीब 80,000 रुपये की दवा भंडारित की गई थीं। सभी दवाओं को जब्त कर लिया गया है। दवा नकली होने की आशंका के चलते नमूने लेकर उन्हें जांच को भेजा जा रहा है। राजकीय प्रयोगशाला की जांच में दवा नकली मिली तो दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। औषधि निरीक्षक मुकेश जैन ने बताया कि गांव में अन्य लोग अपनी दुकान बंद कर भूमिगत हो गए। उनकी सूची बना ली गई है। जल्दी ही छापेमारी कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- S. Jaishankar Visit Australia: जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के साथ बैठक में की द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों पर चर्चा
