अयोध्या: 30 व 31 मई को होगी कृषि विश्वविद्यालयों की संयुक्त प्रवेश परीक्षा
कुमारगंज/ अयोध्या, अमृत विचार। प्रदेश के चारों कृषि विश्वविद्यालयों की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (यूपी कैटेट) को लेकर शनिवार को लखनऊ में अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आनलाइन बैठक हुई। इस बार संयुक्त प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय को दी गई है। यह परीक्षा 30 व 31 मई को आयोजित होगी। परीक्षा दस शहरों में कराई जाएगी।परीक्षा फार्म 1 मार्च से 20 अप्रैल तक आनलाइन भरे जाएंगे।
स्टेयरिंग कमेटी की आनलाइन बैठक में चारों कृषि विवि के कुलपति, रजिस्ट्रार और कृषि शिक्षा अनुसंधान के अपर मुख्य सचिव देवेश चतुर्वेदी शामिल हुए। बैठक में सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने बताया कि कानपुर अयोध्या, बांदा और मोदीपुरम कृषि विवि की संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन 30 और 31 मई को होगा। परीक्षा आचार्य नरेंद्र देव कृषि विवि अयोध्या कराएगा। परीक्षा फार्म 1 मार्च से 20 अप्रैल तक आनलाइन भरे जाएंगे।
इस वर्ष 10 शहरों में होगी परीक्षा
कृषि विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव डॉ. सुशांत श्रीवास्तव ने बताया कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा पहले 8 शहरों में आयोजित होती थी, इनमें मेरठ, फैजाबाद, बरेली, लखनऊ, बांदा, कानपुर, वाराणसी हैं। इस बार झांसी व आजमगढ़ में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, ताकि बुंदेलखंड और पूर्वांचल से परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़ें -लखनऊ में बोले CM योगी- अब सभी जान सकेंगे यूपी विधानमंडल का इतिहास
