लखनऊ: लापरवाही बरतने पर आठ सीडीपीओ को दिए नोटिस
केंद्रों पर बिजली कनेक्शन के लिए नहीं दी धनराशि
अमृत विचार, लखनऊ। जिले के सभी आठ विकास खंड पर तैनात बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) की लापरवाही सामने आई है। जिन्होंने अपनी परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर बिजली कनेक्शन के लिए धनराशि उपलब्ध नहीं कराई है। इस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार निदेशालय ने जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बिजली कनेक्शन के निर्देश दिए थे। जो सीडीपीओ को अपनी परियोजना अंतर्गत केंद्राें पर कराने थे। कनेक्शन के लिए पोर्टल पर आवेदन करना था। साथ ही केबल व मीटर समेत अन्य भुगतान के लिए धनराशि कार्यालय को उपलब्ध करानी थी। लेकिन, केंद्रवार अंकलित धनराशि उपलब्ध नहीं कराई गई। जिसके लिए समय दिया गया था।
निदेशालय से पत्र जारी होने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने समीक्षा की तो यह लापरवाही सामने आई। जिस पर सीडीपीओ पारुल शुक्ला काकोरी, राकेश कुमार गोसाईगंज, शैलेंद्र सिंह माल, विजय कुमार तिवारी चिनहट, रजनी खरे सरोजनी नगर, जिया श्याम मलिहाबाद, दिलीप कुमार सिंह मोहनलालगंज व जय प्रताप सिंह बीकेटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ये भी पढ़ें:- लखनऊ: पार्कों में Open Gym का फ्री में उठायें लुफ्त, इस पार्क में लगाए गए उपकरण, देखें तस्वीरें
