Kanpur News : पार्किंग की सुस्त चाल, सड़कों पर फैला वाहनों का मकड़जाल जाल, Multilevel Parking पर NOC का सकंट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के कचहरी के पास बाइकें खड़ी होने से जाम लगता।

कानपुर में स्मार्ट सिटी के तहत कचहरी परिसर में मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जा रही है। जिस पर अब एनओसी का संकट मंडरा रहा है।

कानपुर, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी के तहत धरातल पर उतर चुके प्रोजेक्टों पर स्मार्ट वर्क नहीं हो पा रहा है। इस वजह से विकास कार्यों की गति को जो रफ्तार मिलनी चाहिए थी, वह बेहद धीमी पड़ी है। नगर निगम भी संबंधित विभागों से तालमेल नहीं बिठा पा रहा है, जिसकी वजह से शहर के वीआईपी रोड में जाम और पार्किंग की सबसे बड़ी समस्या सुस्ती की भेंट चढ़ती दिख रही है। मल्टीपल पार्किंग निर्माण को लेकर नगर निगम के अधिकारी विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं ले पा रहे हैं, जिस वजह से इस प्रोजेक्ट का काम सुस्ती की भेंट चढ़ गया है।

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में इस प्रोजेक्ट को लेकर टेंडर जारी हुए थे और इसकी जिम्मेदारी जल निगम की सीएंडडीएस संस्था को मिली थी। बेसमेंट सहित छह फ्लोर में तैयार हो रही इस स्मार्ट पार्किंग को 3800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल भूमि पर तैयार किया जा रहा है। पचास करोड़ की लागत से तैयार हो रहे इस पार्किंग में 176 बाइकें खड़ी हो सकेंगी तो 378 कारों को भी पार्क किया जा सकेगा। इस कार्य के पूरा होने से पहले ही विभागों ने एनओसी का रोड़ा अटका दिया है। नगर निगम के अनुसार केडीए, खनन, पुरातत्व आदि विभागों से एनओसी नहीं मिल पाने की वजह से काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

समस्या पर एक नजर

- कचहरी स्थित पार्क के चारों ओर सड़कों पर बाइकें खड़ी रहती हैं।
- इस सड़क पर आम नागरिक बाइकों के अतिक्रमण के कारण नहीं जा पाता
- यह रास्ता इसी वजह से ब्लॉक हो जाता है और लोगों को दूसरा रास्ता चुनना पड़ता है
- तहसील परिसर में भी सड़क पर बाइकें खड़ी रहती हैं
- कचहरी और कलेक्ट्रेट के अंदर वकीलों व अन्य की बाइकें खड़ी करना मजबूरी बन जाती है
- वीआईपी रोड पर कई बार जाम लगता है और वाहनों को रेंगकर आगे बढ़ना पड़ता है।

ये मिलेगी राहत

- कचहरी में 15 हजार से ज्यादा अधिवक्ता हैं, जिन्हें वाहन खड़ा करने के लिए पार्किंग मिलेगी
- कचहरी, कलेक्ट्रेट, तहसील के अंदर वाहन पार्क नहीं किए जाएंगे
- वीआईपी रोड पर जाम से जूझने वाले आम लोगों को राहत मिलेगी
- कचहरी के पास वाहनों के अतिक्रमण से घिरे पार्क में आम लोग घूमने आ सकेंगे।

कचहरी स्थित मल्टीपल पार्किंग का काम चल रहा है। विभागों से एनओसी नहीं मिली है, इस वजह से काम तेजी से आगे नहीं बढ़ पा रहा है।- शिवशरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त

संबंधित समाचार