बरेली: सुधार परीक्षाएं शुरू, एमएससी की परीक्षा में पकड़ा नकलची
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक की सुधार परीक्षाएं मंगलवार से 59 केंद्रों पर शुरू हो गईं। बरेली कॉलेज में बुधवार और गुरुवार को परीक्षाओं में अधिक संख्या में छात्र होने की वजह से सभी कक्षाएं स्थगित रहेंगी। वहीं बरेली कॉलेज में द्वितीय पाली में एमएससी कृषि की परीक्षा में एक छात्र को नकल के साथ पकड़ा गया। स्नातक और परास्नातक की सुधार परीक्षा में करीब 42 हजार छात्र पंजीकृत हैं।
बरेली जिले में 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें बरेली कॉलेज में कॉलेज समेत 17 महाविद्यालयों के केंद्र बनाए गए हैं। मंगलवार से परीक्षाएं द्वितीय पाली में 11 से 2 और तृतीय पाली में 3 से 6 शुरू हुई हैं। बरेली कॉलेज में बड़ा केंद्र होने की वजह से पहले दिन मंगलवार को कला संख्या की कक्षाएं स्थगित की गई थीं लेकिन परीक्षा के दौरान कक्षाओं में आने वाले छात्रों की वजह से दिक्कतें हुईं। इसके अलावा बुधवार और गुरुवार को अधिक संख्या में छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। इसकी वजह से परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीनम सक्सेना ने प्राचार्य प्रो. ओपी राय को सभी कक्षाएं स्थगित करने की मांग की। जिसके बाद सभी कक्षाएं स्थगित कर दी गईं।
प्रवेश पत्र पर पेंसिल से लिखकर लाया था नकल
बीएससी और एमएससी कृषि की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हुई हैं। मंगलवार को बरेली कॉलेज में द्वितीय पाली में एक छात्र प्रवेश पत्र के पीछे पेंसिल से नकल लिखकर आया था। कॉलेज के सचल दल ने चेकिंग में उसे पकड़ लिया और उसका यूएफएम किया है। विश्वविद्यालय की सुधार परीक्षाएं समाप्त होने से पहले ही 1 मार्च से विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी, जो मार्च के अंत तक चलेंगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: बेटिकट यात्रा पर रुहेलखंड डिपो के एआरएम निलंबित
