अयोध्या: एक परिवार एक पहचान योजना में अब बनेगी फैमली आईडी, तैयारी शुरू
अयोध्या, अमृत विचार। एक परिवार एक पहचान योजना को लेकर जिले में भी तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए शीघ्र ही सभी 11 विकास खण्ड अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। शासन की मंशा है कि प्रत्येक परिवार को रोजगार से जोड़ा जाए। जिसके लिए एक परिवार एक पहचान योजना के अंतर्गत फैमिली आईडी कार्ड की शुरुआत हो गई है।
फैमिली आईडी में पति-पत्नी, माता-पिता, वयस्क व अवयस्क भाई-बहन को परिवार के सदस्य के रूप में जोड़ा जा सकता है। ऑनलाइन फैमिली आईडी पंजीकरण के लिए परिवार के सभी सदस्यों का आधार होना चाहिए। सभी सदस्यों का आधार मोबाइल नंबर से लिंक होना चाहिए, जिससे कि परिवार के सभी सदस्यों का मोबाइल ओटीपी द्वारा सत्यापन हो सके।
प्रत्येक फैमिली आईडी पंजीकरण के समय परिवार के सभी सदस्यों का आधार संख्या के सापेक्ष ओटीपी आधारित ई-केवाईसी होगा। यदि परिवार का कोई सदस्य पूर्व में किसी अन्य परिवार से जुड़ा हुआ है, तो उसका पंजीकरण नहीं किया जा सकेगा। आवेदक पंजीकरण फैमिली आईडी पोर्टल ( https// familyadup. gov. in) पर दिए गए रजिस्टर लिंक के माध्यम से होगा। सीडीओ अनीता यादव की ओर से जारी आदेश के तहत इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:-गौतम बुद्ध नगर: नौकरी लगवाने का झांसा दे ठगी करने के दो आरोपी गिरफ्तार
