मथुरा: कृष्णानगर बनेगा शहर का पहला मॉडल, कमिश्नर ने किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मथुरा, अमृत विचार। कान्हा की नगरी का स्वरुप बदलने के लिए प्रदेश सरकार ने प्रयास शुरू कर दिये हैं। इसी क्रम में गोवर्धन चौराहा से लेकर भूतेश्वर तिराहे तक कृष्णानगर क्षेत्र को मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना भी है। इसी योजना क्रियान्वयन से पहले बुधवार को कमिश्नर आगरा अमित गुप्ता ने ई-रिक्शा में बैठकर गोवर्धन चौराहा और कृष्णानगर इलाके का निरीक्षण किया। इसके बाद वह गोवर्धन पहुंचे और यहां परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण करने के बाद गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक कर मनौती मांगी।

यह भी पढ़ें- मथुरा: फ्रिज से भरे कंटेनर लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में गोली लगने से हुआ घायल

गौरतलब है कि कमिश्नर अमित गुप्ता ने शहरी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए पहले किसी एक स्थान को मॉडल के रूप में विकसित कर नजीर बनाते हुए उसी रुप से अन्य क्षेत्रों का विकास करने के निर्देश नगर निगम को दिये थे। नगर आयुक्त अनुनय झा ने इसके लिए कृष्णानगर क्षेत्र का चुनाव किया था। बुधवार को कमिश्नर अमित गुप्ता ने गोवर्धन चौराहे पर कुछ देर तक हाइवे और शहर के यातायात का आवागमन देखा। 

उन्होंने कहा कि गोवर्धन चौराहे के आसपास के अतिक्रमण को हटाने के साथ स्वच्छता पर भी ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा शहर के इसी हिस्से से होकर सबसे ज्यादा लोग गुजरते हैं। बाहरी पर्यटक और श्रद्धालुओं के साथ साथ शहरी जनमानस भी यही से होकर अपने गंतव्यों तक जाते हैं। ऐसे में गोवर्धन चौराहा काफी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कृष्णानगर पुलिस को सड़क किनारे खड़े वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सही कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कृष्णानगर चौराहे पर भी ट्रैफिक सिग्नल लाइट को चालू कराने के लिए कहा। उन्होंने अधीनस्थों से कहा कि भूतेश्वर के आसपास यह सुनिश्चित किया जाए कि दुकानों के बाहर अतिक्रमण न हो और रेहड़ी ठेले वाले भी निर्धारित स्थानों पर ही खड़े हों। इससे पूर्व उन्होंने क्षेत्रीय लोगों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं को भी सुना। 

इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी पुलकित खरे, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, सीडीओ मनीष मीना, नगर आयुक्त अनुनय झा, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नागेंद्र प्रताप आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- मथुरा: वृद्धा आश्रमों में बन रहे गुलाल से लाल-पीले होंगे ब्रजवासी

संबंधित समाचार