संभल: दूल्हा पहुंचा हवालात तो नहीं आई बारात, दुल्हन करती रही इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/बबराला, अमृत विचार। सुखी वैवाहिक जीवन के सपने संजोए दुल्हन जयमाला व सात फेरों के लिए सजकर बैठ गई। मेहमानों ने जमकर दावत उड़ाई। चिंता तब हुई जब देर रात तक बरात नहीं आई। पता चला कि मुरादाबाद में दूल्हा घुड़चढ़ी के लिए घोड़ी पर चढ़ा तो उसकी प्रेमिका ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। सच्चाई पता चली तो लड़की पक्ष के लोगों ने मुरादाबाद पहुंचकर रिश्ता तोड़ दिया।

संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र में आने वाले सिंघौली कल्लू गांव के व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी मुरादाबाद के सूर्य नगर निवासी युवक के साथ तय की थी। मंगलवार शाम को बरात के स्वागत के लिए टेंट सजावट से लेकर पकवान तक शानदार इंतजाम किये गये थे। शादी के लिए युवती कस्बे के ब्यूटी पार्लर से सजकर आई थी। बरात नहीं पहुंची तो दावत शुरू करा दी गई। मेहमान दावत खाकर वापस लौट गये मगर बरात नहीं आई। दूल्हा पक्ष के लोग पहले तो जल्द पहुंचने की बातें करते रहे मगर बाद में उन्होंने फोन ही रिसीव करना बंद कर दिया। परेशान पिता ने अपने किसी परिचित से जानकारी कराई तो जो बताया गया उसे सुनकर पिता के होश उड़ गये और बेटी की आंखों से आंसुओं की धार बहने लगी।

घुड़चढ़ी पर प्रेमिका ने किया बवाल, थाने पहुंचा दूल्हा
मुरादाबाद के सूर्य नगर निवासी जिस युवक के साथ संभल की युवती की शादी हो रही थी उसकी पहले से एक प्रेमिका मुरादाबाद में थी। प्रेमिका को जब युवक के शादी रचाने का पता चला तो वह युवक के घर जा पहुंची। उस समय युवक घुड़चढ़ी करा रहा था। युवती ने वहां हंगामा कर घुड़चढ़ी रुकवा दी। युवक के परिजनों व रिश्तेदारों को युवक के साथ उसके प्रेम संबंधों के बारे में बताते हुए सबूत के तौर पर युवक के साथ निजी पलों वाले फोटो दिखाये। परिजन बारात ले जाने पर अड़े तो युवती ने पुलिस बुला ली। पुलिस दूल्हे को थाने ले गई तो युवक की शादी अटक गई। बाकी कसर बुधवार को युवती पक्ष के लोगों ने रिश्ता तोड़कर पूरी कर दी।

ये भी पढे़ं- संभल : हाईटेंशन लाइन के करंट से छात्र की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन

 

 

संबंधित समाचार