अयोध्या: हाइवे पर दो बड़े हादसे, एक में 4 की मौत, दूसरे में तीन डॉक्टर घायल
मवई, अयोध्या। एनएच 27 हाइवे पर गुरुवार को दो बड़े हादसे हुए। पहली दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई जबकि दूसरी में लखनऊ से जिला अस्पताल आ रहे तीन डाक्टर घायल हो गए। कोतवाली रुदौली के मुजफ्फरा के पास हुआ हादसे में एक बाइक सवार सेल्समैन स्थानीय लोगों को डिटर्जेंट पाउडर दिखा रहा था। उसी दौरान अनियंत्रित पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी।
इसके बाद पिकअप पलट गई। जिसमें एक महिला, एक युवती, एक बच्चा व सेल्समैन की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। वहीं एनएच 27 हाईवे पर एक और हादसा हुआ। एक कार बाइक में टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें सवार 3 डॉक्टर व बाइक सवार युवक घायल हो गया। सीएचसी रुदौली से सभी घायल डाक्टरों को लखनऊ रेफर किया गया है।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार डाक्टर लखनऊ से अयोध्या जिला अस्पताल ड्यूटी करने आ रहे थे। घायलों में डॉ जयसिंह चौरसिया, डॉ विजय हरी आर्य, डॉ राजेश मिश्रा शामिल हैं। घायल डॉ जयसिंह चौरसिया की हालत गंभीर बताई गई है। यह दुर्घटना कोतवाली रुदौली के भेलसर के पास हुई।
यह भी पढ़ें:-गौतम बुद्ध नगर: Tax चोरी के मामले में यूफ्लेक्स ग्रुप के देश भर में 83 ठिकानों पर IT की छापेमारी जारी
