चित्रकूट में नाबालिग से दुराचार और हत्या के दोषी को उम्रकैद, सबसे चर्चित नृशंस मामले में कोर्ट ने दिया फैसला
कई दिन तक हुआ था घटना को लेकर विरोध-प्रदर्शन
अमृत विचार, चित्रकूट। अनुसूचित जाति के श्रमिक परिवार की नाबालिग बेटी से दुराचार व हत्या के मामले में दोषी को न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। इसे एक लाख 60 हजार रुपये अर्थदंड भी दिया। गौरतलब है कि यह वर्ष 2017 की बड़ी आपराधिक और नृशंस घटनाओं में से एक घटना थी और तब कई सामाजिक संगठनों ने कई दिन तक इसको लेकर विरोध प्रदर्शन किया था।
अभियोजन अधिकारी सिद्धार्थ आनंद एवं विशेष लोक अभियोजक तेज प्रताप ने बताया कि जिला मुख्यालय निवासी एक श्रमिक ने 14 जनवरी 2017 को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 जनवरी की रात से उसकी 14 वर्षीया बड़ी पुत्री गायब थी, जिसका शव 14 जनवरी को एक बोरे में भरा हुआ मिला। अऩुसूचित जाति के परिवार की नाबालिग बेटी की हत्या के मामले में गुस्साए लोगों ने जिला मुख्यालय में कई आंदोलन भी किए थे।
घटना के 16 दिन बाद विवेचना के दौरान स्पष्ट हुआ कि हत्या के पूर्व नाबालिग से दुराचार भी हुआ था। पुलिस ने इस मामले में शंकर बाजार निवासी राजा उर्फ कमलाकांत पुत्र लक्ष्मी प्रसाद को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने परिजनों द्वारा दी गई जानकारी व साक्ष्यों के आधार पर बताया था कि राजा ने पीड़िता से दुराचार किया और अपराध छिपाने के लिए शव को बोरे में भरकर दूसरे के दरवाजे के बाहर फेंक आया था। गुरुवार को पाक्सो एक्ट कोर्ट के स्पेशल जज संजय के लाल ने इस मामले में निर्णय सुनाया। राजा उर्फ कमलाकांत को आजीवन कारावास और एक लाख 60 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। कोर्ट ने अर्थदंड की संपूर्ण धनराशि मृतका के पिता को देने के आदेश दिए हैं। साथ ही पीड़ित परिवार को राज्य सरकार से प्रतिकर दिलाए जाने की संस्तुति भी की गई है।
इस तरह संदेह के घेरे में आया आरोपी
वर्ष 2017 में सर्वाधिक चर्चा में रही आपराधिक घटनाओं में से एक यह बहुत नृशंस घटना थी। इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा तत्कालीन पुलिस टीम के लिए चुनौती बन गया था। मृतका की बहन ने बताया था कि पीड़िता आरोपी के घर टीवी देखने गई थी। इसके बाद से वह घर लौटकर नहीं आई। इससे परिजन शुरू से ही आरोपी पर संदेह जाहिर कर रहे थे। आरोपी ने मृतका का शव बोरे में भरा मिलने की सूचना स्वयं पीड़ित परिवार को दी थी, जिससे उस पर किसी को शक न हो।
ये भी पढ़ें -Video: हरदोई में ई-रिक्शा का पीछा कर डंडे बरसाते रहे कानून के रखवाले, चलाये थप्पड़
