मेरठ: खेत में पानी को लेकर हुए विवाद में युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या
मेरठ,अमृत विचार। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के खानपुर गढ़ी में गुरुवार देर रात खेत में पानी देने के विवाद में पड़ोसी किसान ने अपने परिवार के साथ मिलकर किसान अरुण के साथ लाठी डंडे से मारपीट की। शुक्रवार को किसान ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खानपुर गढ़ी निवासी अरुण अपने गन्ने के खेत में पानी दे रहा था। इस दौरान पानी किसान विप्लव के खेत में चला गया। जिस, पर विप्लव भड़क गया और अपने साले देवप्रसाद, गौरव, प्रीति के साथ मिलकर अरुण के साथ लाठी डंडे व सरियों से मारपीट की। मारपीट में अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस ने मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया। अरुण के परिजनों ने सभी को नामजद करते हुए तहरीर दी।
शुक्रवार को अरुण ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की पत्नी और सास को हिरासत में ले लिया। एसपी देहात अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। मुकदमा हत्या में दर्ज़ किया जायेगा। वहीं, अरुण की मौत के बाद से ही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें- मेरठ: छह दिन से लापता बच्ची का मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
