लखनऊ : छापेमारी कर दूध, पनीर, खोया समेत 10 नमूने भरे
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने चलाया अभियान
लखनऊ, अमृत विचार। त्योहार नजदीक आते ही जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। शुक्रवार को शहर में निकली टीम ने प्रतिष्ठानों व मंडियों पर छापेमारी कर दूध, पनीर, खोया समेत 10 खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। जो जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
शुक्रवार को जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार के निर्देश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए प्रवर्तन टीम निकली। टीम ने 10 प्रतिष्ठानों पर छापामारा। जहां, दूध, घी, पनीर व खोया की जांच की और गड़बड़ी की आशंका पर 10 नमूने भरे। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II डा. एसपी सिंह ने बताया कि टीम ने सतगुरू डेयरी उतरठिया, श्री राधे कृष्णा दूध डेयरी कृष्णा नगर, मनपसंद डेयरी रज्जबगंज, यादव डेयरी करीमगंज ढाल नक्खास, चौधरी दूध भंडार रज्जबगंज व दूधमंडी चारबाग से विक्रेता शरीफ के यहां से एक-एक दूध का नमूना लिया।
जबकि नरायन डेयरी रज्जबगंज से पनीर, कलेवा स्वीट इंदिरा नगर से खोया, जियामऊ डेयरी से दही व अंशू मिल्क प्रोडक्ट्स चारबाग से घी का नमूना लिया है। परीक्षण में नमूने फेल होने पर कार्रवाई करेंगे। वहीं, लोगों को जागरूक कर खाद्य पदार्थो में मिलावट की पहचान करना बताया है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा को कोर्ट से राहत
