बिहार में सियासी शनिवार, शाह का प्रहार, बोले-JDU और RJD का अपवित्र गठबंधन पानी और तेल जैसा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम चंपारण में कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हर 3 साल में प्रधानमंत्री बनने का सपना आता है। उन्होंने कहा, जिस जंगलराज के खिलाफ बीजेपी के साथ मिलकर नीतीश कुमार ने एनडीए की सरकार बनाई उस जंगलराज के प्रणेता आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की गोदी में वह बैठ गए हैं। ये लालटेन से जो लौ उठी है उसमें पूरा बिहार धधक रहा है। अब नीतीश बाबू में तो हिम्मत नहीं है कि वो लालटेन की लौ को बुझाएं। मगर मैं बिहार की जनता को कहने आया हूं कि इस बार ऐसा सबक सिखाइए कि बिहार में दल बदलने वाले चुप हो जाए।

अमित शाह ने कहा, आज जो जंगल राज चल रहा है उससे मुक्ति पाने का एकमात्र रास्ता, 2024 में भाजपा की सरकार बनाकर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है। नीतीश बाबू आप प्रधानमंत्री बनने के लिए विकासवादी से अवसरवादी बने, कांग्रेस और RJD के शरण में गए। नीतीश बाबू की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा ने बिहार का बंटाधार कर दिया है।

अमित शाह ने कहा, अपराध फिर से चरम पर जा रहा है। हत्या, अपहरण, डकैती के मामले रोज आ रहे हैं, बोलने वाले पत्रकारों की हत्या चालु हो गई है। PFI जैसे संगठन बिहार में अपनी पैठ बना रहे थे, नीतीश बाबू चुप थे। मोदी जी ने PFI पर बैन लगाकर पूरे देश को सुरक्षित करने का काम किया है।  अब समय आ गया है यहां भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी है और इसकी शुरूआत 2024 में करनी है। नीतीश कुमार और आरजेडी बिहार का कल्याण नहीं कर सकते। लालू प्रसाद यादव, सोनिया गांधी, नीतीश कुमार की पार्टी धारा 370 हटाने का विरोध करती थी। वे कहते थे कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी। लेकिन धारा 370 हटने के बाद किसी को एक कंकर तक चलाने की हिम्मत नहीं हुई। ये मोदी सरकार है।

अमित शाह ने कहा, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 8 करोड़ 71 लाख लाभार्थियों को अनाज मुफ्त में देने का मोदी जी ने फैसला किया है। 60 हजार ऐसे लोग, जिनके पास जमीन नहीं थी उनको 60 हजार रुपये देकर पीएम आवास योजना के पैसे भी भाजपा सरकार ने दिए हैं।  इसके अलावा रेहड़ी-पटरी वालों के लिए भी योजनाएं लेकर आए। हर गरीब के कल्याण के लिए काम किए गए। नीतीश बाबू मैं तो मोदी जी का हिसाब लेकर आया हूं, अगर आप में साहस हो तो कांग्रेस और आरजेडी का हिसाब बिहार की जनता के सामने रखिए।

अमित शाह ने कहा, मोदी जी के नेतृत्व में यहां विकास हुआ है। पश्चिमी चंपारण में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना हुई है। नरकटियागंज में आईटीआई कॉलेज खुल गया है। रामायण सर्टिक, वाल्मिकी नगर बहुत जल्द ही रामयण सर्टिक से जुड़ने वाला है। नीतीश कुमार ने लालू जी के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया है। मगर वे तिथि नहीं बताते हैं। उनको बताना चाहिए कि वे कब मुख्यमंत्री मनाएंगे और नीतीश फिर से बिहार में जंगलराज लाएंगे।

अमित शाह ने कहा,  इस बार ऐसा सबक सिखाइए कि बिहार में दल-बदल करने वाले चुप हो जाए। इससे मुक्ति पाने का एक मात्र रास्ता है मोदी जी के नेतृत्व में फिर से दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनाना और मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना। आज पूरे बिहार की स्थिति अराजक बनी हुई है। अपराध फिर से चरम पर जा रहा है। कानून-व्यवस्था खत्म हो गई है। हत्या, अपहरण, डकैती, बलात्कार के मामले फिर से दिन प्रतिदिन बढ़ने लगे हैं। बहुत साल तक 'आया राम गया राम' कर लिए, अब आपके लिए भाजपा के दरवाजे हमेशा के लिए बंद कर दिए गए हैं।

अमित शाह ने कहा, मैं बिहार की जनता से अपील करने आया हूं कि ये जदयू और आरजेडी का अपवित्र गठबंधन पानी और तेल जैसा है। इसमें जदयू पानी है और आरजेडी तेल है। नीतीश कुमार को हर 3 साल में प्रधानमंत्री का सपना आता है, आप सबको मालूम है। जय प्रकाश नारायण से लेकर आज तक जिस कांग्रेस के खिलाफ लड़े, जिस जंगलराज के खिलाफ भाजपा के साथ मिलकर NDA की सरकार बनाई, उस जंगलराज के प्रणेता लालू प्रसाद की गोदी में बैठ गए हैं। महर्षि वाल्मीकि की ये भूमि, मोहनदास गांधी को महात्मा मोहनदास गांधी बनाने वाली इस चंपारण की भूमि को प्रणाम करता हूं। ये भूमि बहुत पवित्र भूमि है।

ये भी पढ़ें- बंदूक दिखाकर लूटा फ्राइड चिकन, अब होगी 21 साल की सजा !

संबंधित समाचार