उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बत्ती गुल, दो निलंबित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर डिस्कनेक्शन मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में ईईसीएल के राज्य प्रभारी और एलएंडटी के परियोजना अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बुधवार को उमस भरी गर्मी के बीच प्रदेश के अलग अलग जिलों में स्मार्ट मीटर के लाखों उपभोक्ताओं के …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर डिस्कनेक्शन मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में ईईसीएल के राज्य प्रभारी और एलएंडटी के परियोजना अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बुधवार को उमस भरी गर्मी के बीच प्रदेश के अलग अलग जिलों में स्मार्ट मीटर के लाखों उपभोक्ताओं के घरों की बिजली अचानक गुल हो गयी थी। दोपहर काे गुल हुयी बत्ती देर शाम तक बहाल हो सकी थी। इस बीच परेशान उपभोक्ता विद्युत उपकेंद्रों पहुंचे लेकिन कोई राहत नहीं मिली।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर डिस्कनेक्शन मामले को गंभीरता से लेते हुये ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा ने यूपीपीसीएल अध्यक्ष को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस गलती के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए भी कहा। भविष्य में इस तरह की गलतियां न हों इसके लिए भी जरूरी कार्रवाई के लिए कहा है।
इस बीच देर रात ईईसीएल के परियोजना निदेशक ने बताया कि उपभोक्ताओं की बिजली गलत तरीके से काटे जाने में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आयी है जिसके बाद ईईसीएल के राज्य प्रमुख और एलएंडटी कंपनी के परियोजना प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि स्मार्ट मीटर का संचालन लखनऊ स्थित शक्ति भवन के नियंत्रण कक्ष से होता है।
गड़बड़ी की सूचना पर देर रात पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम के साफ्टवेयर-हार्डवेयर में तकनीकी गड़बड़ी होने के कारण स्मार्ट मीटर वाले विद्युत उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति कुछ घंटे के लिए बंद हुई थी जिसे बहाल कर दिया गया है। उधर, सूत्रों का कहना कि कंट्रोल रूम में कार्यरत कर्मियों ने शरारत या लापरवाही में गलत कमांड दे दिया, जिससे सॉफ्टवेयर के साथ ही हार्डवेयर में भी गड़बड़ी आ गई।
