पीलीभीत: दोस्तों संग नहाने गए किशोर की नदी में डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम
पीलीभीत, अमृत विचार। दोस्तों संग नहाने गए किशोर की देवहा नदी में डूबकर मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है। उधर, परिवार में चीख पुकार मची रही।
शहर के मोहल्ला पकड़िया के रहने वाले हरिओम मजदूरी करते हैं। उनका 16 वर्षीय पुत्र हिमांशु रविवार को घर के बाहर खेल रहा था। उसके बाद किसी वक्त अन्य बच्चों संग खेत-खेत होते हुए देवहा नदी में नहाने के लिए चला गया। दोपहर तीन बजे के बाद शोर मचा और पता लगा कि वह हिमांशु नहाने गया था और डूब गया है। खेत पर काम कर रहे मोहल्ले के ही अशोक समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए।
वहां पर कुछ युवक पहले ही मदद को आ गए थे और मशक्कत कर हिमांशु को बाहर निकाला। वहां उसका कोई दोस्त तो नहीं मिला। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिवार वाले पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते रहे। फिलहाल, शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। उधर, यूपी 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी की। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि सूचना पर पुलिस भेज दी गई है। किसी तरह का कोई आरोप परिजन ने नहीं लगाया है। न ही कोई कार्रवाई चाहते हैं।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत : इंजीनियर साहब के दफ्तर में लटक रहा ताला, कैसे हो समस्या का समाधान, अमृत विचार की पड़ताल में हकीकत का खुलासा
