पीलीभीत: झगड़े के बाद फंदे से लटका मिला श्रमिक का शव, हत्या का शक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

न्यूरिया पुलिस ने मौका मुआयना कर जुटाई जानकारी, शव पोस्टमार्टम को भेजा

पीलीभीत, अमृत विचार। तहेरे भाई से मेड़ काटने को लेकर हुए विवाद के कुछ घंटे बाद ही श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव अपने मकान में फंदे से लटका मिला। बहन घर पहुंची तो शव देख होश उड़ गए। शरीर पर चोटें होने की बात कहते हुए परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। न्यूरिया पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज छानबीन शुरू कर दी है।

न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम चौराखेड़ा के रहने वाले यशपाल (24) पुत्र रामेश्वर दयाल मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। पिता की 10 साल पहले ही मौत हो चुकी है। बहन सूरजा देवी विवाहित है और अपनी ससुराल गुलड़िया दुल्हन गांव में रहती है। गांव के ही मुकेश की शादी में शामिल होने के लिए विवाहित बहन भी दो दिन पहले आ गई थी। शनिवार शाम को मां और बहन मुकेश के घर दावत में चले गए और वहीं रुक गए। उधर, यशपाल अपनी ननसार मानपुर गांव से देर शाम लौटा था। रविवार सुबह करीब छह बजे बहन सूरजा देवी घर पहुंची। 

परिजन के अनुसार मकान का दरवाजा बाहर से बंद था। कुंडी खोलकर बहन ने मकान में प्रवेश किया तो टिनशेड में दुपट्टे के बने फंदे  से यशपाल का शव लटका मिला। दोनों पैर जमीन पर टिके हुए थे और शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। इसके बाद चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण भी जमा हो गए। परिजन ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।

न्यूरिया पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। जिसमें परिजन ने तहेरे भाई से हुए झगड़े का हवाला देते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आगे की कार्रवाई तय करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उधर, इकलौते बेटे की मौत के बाद बुजुर्ग मां का रोकर बुरा हाल रहा।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: दोस्तों संग नहाने गए किशोर की नदी में डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार