बरेली: बड़े अफसरों के बड़े कारनामे... ऑफिसर्स क्लब का टेनिस कोर्ट किराए पर, आमदनी जीरो
एलन क्लब की लीज निरस्त कर बनाया गया था बरेली ऑफिसर्स क्लब, अब कमिश्नर की आपत्ति- किस नियम के तहत किराए पर दिया गया टेनिस कोर्ट
बरेली, अमृत विचार। अफसरों ने तीन साल पहले लीज निरस्त करने के साथ एलन क्लब के अस्तित्व को भी खत्म कर दिया। उसकी जगह बरेली ऑफिसर्स क्लब नाम से नया क्लब बनाया और उसकी पंजीयन कराकर बैंक खाता खुलवाने के साथ कमेटी भी बना दी लेकिन क्लब चला आज तक नहीं। नगर आयुक्त रहे अभिषेक आनंद ने क्लब में मौजूद टेबल टेनिस कोर्ट किराए पर दे गए, जिसके किराए का एक पैसा चार महीने से क्लब के खाते में जमा नहीं हुआ हुआ। अब कमिश्नर संयुक्ता समद्दार टेनिस कोर्ट को किराए पर देने पर आपत्ति करते हुए नगर निगम से पूछा है कि उसे किस नियम के तहत किराए पर दिया गया।
दरअसल, कुछ दिन पहले कमिश्नर ने बरेली ऑफिसर्स क्लब की फाइल नगर निगम से मंगाई थी। बताया जा रहा है कि इस फाइल में ऑफिसर्स क्लब के टेनिस कोर्ट को किराए पर देने संबंधी कोई कागजात नहीं मिला। इसके बाद कमिश्नर ने टेनिस कोर्ट को किराए पर देने के फैसले पर आपत्ति लगाकर फाइल वापस नगर निगम भिजवा दी। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि कमिश्नर की आपत्ति के बाद टेनिस कोर्ट को किराए पर देने संबंधी फाइल नगर आयुक्त ने मंगा ली है। फाइल का पूरी तरह अवलोकन करने के बाद इस मामले में कमिश्नर को जवाब भेजा जाएगा।
बता दें कि तीन साल पहले बना बरेली ऑफिसर्स क्लब की गतिविधियां अब तक शून्य हैं। अफसरों ने एलन क्लब खत्म तो कर दिया लेकिन इसे चलाने की कोई योजना नहीं बनाई। पिछले साल भाजपा के महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने क्लब चलाने की अनुमति मांगी थी। प्रशासन सहमति देने की तैयारी में था लेकिन एलन क्लब की कमेटी के कुछ पदाधिकारियों के एतराज जताने पर विवाद शुरू हुआ तो कदम पीछे खींच लिए।
क्लब की मुख्य बिल्डिंग अब तक सील है। कभी-कभी अधिकारी उसे खोलकर देखने जरूर पहुंचते हैं। क्लब की आमदनी भी ठप हो चुकी है। पहले यहां बार भी चलता था। इसके परिसर को शादी ब्याह और पार्टियों के लिए भी किराए पर दिया जाता था लेकिन अब सब कुछ बंद है।
2019 से प्रशासन के कब्जे में है क्लब की प्रॉपर्टी
22 नवंबर 2021 को पूर्व डीएम के साथ एलन क्लब कमेटी की बैठक हुई थी। एलन क्लब के पदाधिकारियों ने प्रार्थना पत्र दिया था कि उनके सदस्यों को नए क्लब का सदस्य बनाया जाए। इस पर बरेली ऑफिसर्स क्लब के पदाधिकारियों ने सहमति जताई थी। 10 लाख रुपये बरेली ऑफिसर्स क्लब के खाते में समायोजित होने के बाद सदस्यता प्रदान करने की सहमति बनी थी लेकिन बैठक के बाद यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। दिसंबर 2019 से क्लब प्रशासन के कब्जे में है। 12 फरवरी 2021 को बरेली ऑफिसर्स क्लब का पंजीयन कराया गया था। इसके बाद आधिकारिक तौर पर 10 से ज्यादा बैठकें हो चुकी हैं, इनमें क्लब का सदस्यता शुल्क 50 हजार रखने, 2015 से पहले जुड़े पूर्व सदस्यों को सदस्यता शुल्क में 30 प्रतिशत तक छूट देने के भी प्रस्ताव पास हुए थे लेकिन इन पर अमल नहीं हुआ।
- 1931 में अंग्रेजों ने शुरू किया था एलन क्लब
- 1998 में खत्म हुई थी एलन क्लब की लीज
- 2019 में स्थानीय प्रशासन ने लीज खत्म होने पर पट्टा रद कराया
- 12 फरवरी 2021 को बरेली ऑफिसर्स क्लब का पंजीयन हुआ
कमिश्नर हैं बरेली ऑफिसर्स क्लब की अध्यक्ष
बरेली ऑफिसर्स क्लब में कमिश्नर अध्यक्ष हैं और डीएम उपाध्यक्ष। नगर आयुक्त सचिव, क्लब के कोष का जिम्मा मुख्य कोषाधिकारी, अपर जिलाधिकारी नगर संयुक्त सचिव, कार्यकारिणी सदस्यों में बीडीए उपाध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर नगर आयुक्त, नगर मजिस्ट्रेट आदि शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: तीन नए पीजी कोर्स का आरंभ, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने रखे विचार
