खबरदार! लखीमपुर खीरी में सक्रिय है महिलाओं का लूट-मार गैंग, दो गिरफ्तार
खपरैल बाजार में खरीदारी करते समय दो महिलाओं की पार कर दी थी सोने की चेन
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। खबरदार, अगर आप बाजार खरीदारी करने आ रहे हैं या फिर ऑटो रिक्शा पर सफर कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए। होली का त्योहार नजदीक आते ही शहर में महिलाओं का लूट मार गैंग सक्रिय हो गया है। रविवार को दो महिलाओं की चेन उड़ाने वाली गिरोह की दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से महिला की चेन, मोबाइल आदि बरामद किया है। पुलिस ने दोनों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया है।
त्योहारी सीजन में चोरी, लूट, छिनैती, जेबकतरी आदि की घटनाएं बढ़ जाती हैं। पिछला साल भी इसका साक्षी है। होली और दिवाली के त्योहार पर पिछले शहर में आठ चेन छिनैती की घटनाएं हुईं थीं। इनमें से बाइक सवार लुटेरों ने चार घटनाएं सिर्फ मोहल्ला काशीनगर में की थीं। इसके अलावा लखीमपुर और गोला में चोरनी गैंग की महिलाओं ने भी पुलिस को काफी परेशान किया था।
गैंग में शामिल महिलाएं सोने-चांदी के गहने देखने के बहाने दुकान से जेवर लेकर रफू चक्कर हो गईं थीं। हालांकि सदर कोतवाली पुलिस ने दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से महिलाओं को दबोच लिया था और उन्हें जेल भेजा था। होली का त्योहार नजदीक आते ही महिलाओं का लूट मार गैंग एक बार फिर शहर में सक्रिय हो गया है। गैंग की महिलाएं घटना को सफल अंजाम देने के लिए भीड़भाड़ का सहारा लेती हैं।
भीड़भाड़ के दौरान महिलाओं के गले से चेन और मोबाइल आदि आसानी से उड़ा देती हैं। रविवार की दोपहर कोतवाली धौरहरा के गांव वाली निवासी तेज नारायण अवस्थी की पत्नी आशा अवस्थी खपरैल बाजार में सामान की खरीदारी कर रही थीं। काफी भीड़ भाड़ होने का लाभ उठाते हुए किसी ने उनके गले की चेन पर हाथ साफ कर दिया। जब कुछ देर बाद उन्होंने गले पर हाथ लगाया तो देखा कि चेन गायब थी।
इस पर बाजार में सनसनी फैल गई। तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच घटना से कुछ देर पहले शहर के मेला मैदान निवासी सुधा कुशवाहा के गले से चेन गायब होने की बात पता चली। बाजार में चेन छिनैती की सूचना पर शहर कोतवाल चंद्रशेखर सिंह, मिश्राना चौकी इंचार्ज साधना यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाले तो दो महिलाएं संदिग्ध दिखाई दी।
पुलिस ने दोनों संदिग्ध महिलाअों सीतापुर जिले के थाना कमलापुर के मोहल्ला मास्टर बाग निवासी पूजा उर्फ आचल रावत और रामदेवी राजवंशी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर आशा अवस्थी की सोने की चेन, एक मोबाइल, आधार कार्ड, एक इनरोलमेन्ट स्मार्ट कार्ड, दो एटीएम कार्ड और 500 रुपये नगद बरामद किए। पुलिस ने आशा देवी की तहरीर पर लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है।
गिरफ्तार महिलाओं की पुलिस खंगाल रही आपराधिक इतिहास
प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिलाअों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि गिरोह में पांच से छह महिलाएं शामिल हैं। वह लोग मंदिरों और अन्य भीड-भाड वाले स्थानो पर महिलाओं के साथ लूट व चोरी की घटना को अंजाम देती हैं। पुलिस प्रकाश में आई गिरोह की अन्य महिलाओं की कुंडली खंगाल रही है। साथ ही गिरफ्तार महिलाओं का आपराधिक इतिहास भी पुलिस खंगाल रही है।
खपरैल बाजार में बढ़ाई गश्त
खपरैल बाजार शहर की प्रमुख बाजार है। यहां बर्तन बाजार, कपड़ा बाजार, किराना बाजार, फल मंडी के साथ ही सौंदर्य प्रसाधन की बड़ी संख्या में दुकानें हैं। इससे बाजार में भारी भीड़भाड़ रहती है। हालात यह होती है कि बाजार में पैर रखने की जगह भी नहीं बचती है। ऐसे में बाजार में उचक्के आसानी से घटना को अंजाम देकर भाग जाते हैं। पुलिस ने त्योहार को देखते हुए खपरैल बाजार में गश्त बढ़ा दी है।
गिरफ्तार महिलाओं का संगठित लूटमार गैंग हैं। गैंग में शामिल दो महिलाएं गिरफ्तार की गई हैं। उनके पास से महिला की चेन भी बरामद हुई है। त्योहार को देखते हुए बाजार में बढ़ रही भीड़भाड़ को देखते हुए गश्त बढ़ा दी गई है---संदीप सिंह, सीओ सिटी।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: बच्चे की पिटाई का उलाहना देने गए पिता को जमकर पीटा, बेहोश
