Banda News : युवक ने पत्नी, सास व बड़ी मां को पेचकस से किया हमला, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार
बांदा में युवक ने पत्नी, सास व बड़ी मां पर किया हमला।
बांदा में युवक ने पत्नी, सास व बड़ी मां पर किया हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बांदा, अमृत विचार। पत्नी के तलाक के मुकदमे से परेशान युवक रविवार की रात ससुराल पहुंचा और पत्नी व सास समेत पत्नी की बड़ी मां पर पेचकस से ताबड़तोड़ वार करते हुए गोद डाला। जिससे तीनों लहूलुहान हो गये। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें भी पेचकस से गोदने की धमकी देकर शांत कर दिया। मौके पर पहुंचे पत्नी के भाइयों ने उसे दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बड़ी मां को कानपुर रेफर कर दिया। इस बीच आरोपी अस्पताल से भाग निकला। घायल मां-बेटी का कहना है कि पुलिस चाहती तो उसे कस्टडी में ले लेती, लेकिन नहीं किया।
शहर के खाईंपार मुहल्ला निवासी राबिया पत्नी चांद अली ने अपनी बेटी अलीशा की शादी शहर के खूंटी चैराहा मुहल्ला निवासी सुल्तान पुत्र रफीक के साथ की थी। कुछ दिन तक तो अलीशा ठीकठाक रही। इसके बाद पति उसे प्रताड़ित करने लगा। मारपीट कर गाली-गलौज करने लगा। इसी से परेशान होकर अलीशा एक वर्ष से अपने मायके में रहने लगी। अलीशा उसके साथ नहीं जाना चाहती। इस पर उसने तलाक का वाद दायर कर दिया है। दो-तीन तारीखें पड़ीं, उन तारीखों में सुल्तान हाजिर भी नहीं हुआ।
रविवार की दोपहर सास बबली अपनी बहू से मिलने आई और समझौता करने की बात कहने लगी। इस पर अलीशा ने उसे समझौता करने से मना कर दिया। घर पहुंची सास बबली ने अपने बेटे सुल्तान को बताया। रात को सुल्तान सूना मौका पाकर अपनी ससुराल खाईंपार पहुंच गया। पहले उसने पत्नी अलीशा (22) पर पेचकस से हमला कर दिया। उसके सिर पर कई पेचकस मारे, इससे वह लहूलुहान हो गई। बेटी को पिटता देख मां राबिया (35) और बड़ी मां बानो (45) पत्नी परवेज बचाने आई तो उन्हें भी पेचकस से गोद डाला।
इससे सभी लोग लहूलुहान हो गईं। मुहल्ले पड़ोस के लोग दौड़े, लेकिन सुल्तान ने उन्हें भी पेचकस से गोदने की धमकी दी, जिससे मुहल्ले पड़ोस के लोग भी ठिठक गए। सूचना पाकर अलीशा के भाई अरमान और परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। हमला करके भाग रहे सुल्तान को दबोच लिया, कोतवाली ले गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस सुल्तान को भी अस्पताल ले आई थी। कुछ देर रुकने के बाद वह अस्पताल से भाग निकला। डाक्टरों ने बानो की हालत देख उसे मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। घरवालों ने बानो को झांसी में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। इधर, कोतवाली प्रभारी श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
अब अस्पताल में कैसे होगी मां-बेटी
ससुराल में युवक ने मां-बेटी समेत तीन लोगों पर पेचकस से हमला कर दिया। इससे सभी लोग घायल हो गईं। राबिया और उसकी बेटी अलीशा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। भर्ती के दौरान दोनो मां-बेटी अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही हैं। अलीशा का कहना है कि उसके भाइयों ने सुल्तान को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस चाहती तो उसे गिरफ्तार कर लेती। लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया। वह अस्पताल से भाग गया। अब उन्हें यह भय सता रहा है कि अस्पताल में कहीं उनकी हत्या न कर दी जाए, क्योंकि जब मोहल्ले के लोगों को सुल्तान ने धमकी देकर शांत करा दिया था तो मरीजों के तीमारदार भी बोलने को तैयार नहीं होंगे।
