बरेली: 41 शराब दुकानों के लिए बंपर 526 आवेदन, 36 का आवंटन
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में ई-लाटरी सिस्टम से हुआ शराब दुकानों का आवंटन
बरेली, अमृत विचार। जिलेभर की 575 शराब दुकानों का नवीनीकरण होने के बाद मंगलवार को 41 दुकानों की ई-लॉटरी निकाली गई। सबसे दिलचस्प बात यह है कि 41 दुकानों के लिए 526 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। डीडीपुरम की मॉडल शॉप, बहेड़ी की दो नंबर देसी दुकान और सिरौली की बीयर शॉप को लेने के लिए बंपर आवेदन आए थे। ये दुकानें लेने के लिए सर्वाधिक लोग लालायित दिखे, लेकिन ई-लाटरी में 36 दुकानों का आवंटन हुआ। 490 आवेदनकर्ताओं को मायूस होना पड़ा।
जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में ई-लॉटरी निकाली गई। जिला आबकारी अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने ई-लॉटरी की प्रक्रिया शुरू कराई। आवेदनकर्ताओं से सभागार खचाखच भरा था। कई नए चेहरे भी शराब कारोबार में हाथ आजमाने के लिए पहुंचे हुए थे। कई घंटे चली प्रक्रिया में 5 दुकानें आवंटन होने से रह गईं। इन दुकानों का आवंटन ई-लाटरी के जरिए 14 मार्च को होगा।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि 392 देसी दुकानों में से 375 का नवीनीकरण हुआ। 17 दुकानों आवंटन में शामिल की गईं थीं। 103 अंग्रेजी शराब दुकानों में से 96 का नवीनीकरण हुआ था। 7 दुकानों में से 5 का आवंटन हुआ। 96 बीयर शॉप में से 87 का नवीनीकरण हुआ। 9 बीयर शॉप का आवंटन हुआ। 17 मॉडल शॉप में से 14 का नवीनीकरण हुआ। 3 दुकानों का ई-लाटरी से आवंटन हुआ। 8 भांग की दुकानों में से 3 का नवीनीकरण हुआ। 5 आवंटन में रखीं। दो दुकानों की फिर ई-लाटरी निकाली जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों को दुकानें आवंटित हुई हैं, उन्हें तीन दिन में लाइसेंस फीस जमा करने के निर्देश दिए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह, तहसीलदार सदर राम नयन सिंह आदि मौजूद रहे।
रेडिसन होटल और बीयर कैफे को मिला बार लाइसेंस
जिला आबकारी अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि बार लाइसेंस को लेकर कोई आवंटन प्रकिया नहीं होती है, जो लाइसेंस निरस्त हो गए तो वह निरस्त हो गए। अभी रेडिसन होटल और बीयर कैफे के लिए बार लाइसेंस जारी किया गया है।
616 जिले में शराब दुकानें
392 देसी दुकानें
103 अंग्रेजी दुकानें
96 बीयर शॉप
17 मॉडल शॉप
8 भांग की दुकानें
ये भी पढ़ें- खबर का असर: बरेली में चलने वाले पीले ऑटो पर एआरटीओ ने की कार्रवाई
