बरेली: होली पर 3 से 12 मार्च तक अतिरिक्त बसों का होगा संचालन
दिल्ली, कानपुर और लखनऊ रूट पर अधिक यात्री होने की उम्मीद
बरेली, अमृत विचार। होली पर शासन ने 3 से 12 मार्च तक अधिक यात्रियों वाले रूट पर अतिरिक्त बसों के संचालन करने के निर्देश दिए हैं। वहीं बस अड्डों पर कर्मचारियों को भी तैनात करने के के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने होली पर यात्रियों को दिक्कत न हो इसके लिए आरएम को पत्र भेजकर दिशा निर्देश दिए हैं। प्रबंध निदेशक संजय कुमार द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 7 और 8 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा। बरेली रीजन की सभी बसों को होली के मौके पर रूट पर चलाया जाए। पुराना रोडवेज और सेटेलाइट से शत प्रतिशत बसें दिल्ली, लखनऊ, पीलीभीत, हल्द्वानी, फर्रखाबाद, कानपुर, बदायूं रूट पर चलेंगी।
शहर के दोनों बस अड्डों पर तीन-तीन टीमें तैनात रहेंगी। चालक-परिचालकों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी। वहीं छोटे रूट पर आंवला, बहेड़ी-शीशगढ़, बीसलपुर, भुता पीलीभीत के लिए भी होली पर बसों का अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि शासन के निर्देश के बाद तैयारी और तेज कर दी गई है। होली के मौके पर यात्रियों को बसों की कमी नहीं होने दी जाएगी।
ये भी पढ़ें- खबर का असर: बरेली में चलने वाले पीले ऑटो पर एआरटीओ ने की कार्रवाई
